सुकमा (नवीन कश्यप). पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थ, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में बीते कल बुधवार को पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने एक लक्ज़री कार में 200 किलो से अधिक मात्रा में गांजा तस्करी करते दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक एक एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार में संदिग्ध सामान ओड़िसा से लेकर सुकमा की ओर से तेलांगाना जा रहे है. सूचना मिलते ही सुकमा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर केरलापाल टीआई गोविंद यादव के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस की टीम ने तुरंत ही केरलापाल थाना के सामने स्थित एनएच 30 में नाकाबंदी कर दिया. नाकाबंदी करने के बाद पुलिस की टीम ने वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. इसी दौरान पुलिस ने सुकमा की तरफ से आ रही एक सफेद रंगे की होंडा सिटी कार एपी 05 एके 0567 को चेकिंग के लिए रोक लिया. रोकने के बाद पुलिस ने कार में सवार दो युवकों से पूछताछ करते हुए उनके कार की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने कार में छुपाकर रखा हुआ 200 किलो से अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 25 लाख 78 हजार 3 सौ 50 रुपये बताई गई है. इतनी अधिक मात्रा में गांजा बरामद होते ही पुलिस ने कार में सवार सुनील रामजीयावन (25) और परकले करन (29) दोनों निवासी महाराष्ट्र को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह दोनों यह गांजा ओड़िसा से खरीदकर सुकमा और तेलांगाना होते हुए महाराष्ट्र लेकर वहां खपाने की फिराक में थे. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत अपराध दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इसके साथ ही पुलिस ने इस मामले में इस्तेमाल हो रहे लक्ज़री कार को भी जप्त कर लिया है.