जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). संभाग के नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले के बॉर्डर इलाके अबूझमाड़ क्षेत्र में जारी सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ गई है. बताया जा रहा है कि जवानों ने 30 नक्सलियों को मार गिराया है. इलाके में सुरक्षाबल के जवानों के द्वारा अभी भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल को नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती इलाके अबूझमाड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूद होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले से सुरक्षाबल के जवानों की एक संयुक्त टीम को तत्काल ही अबूझमाड़ के लिए रवाना किया गया था. अबूझमाड़ पहुंचने के बाद जवानों के द्वारा इलाके में दोपहर लगभग 1 बजे सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. इसी दौरान उसी इलाके में पहले से मौजूद नक्सलियों की नजर जवानों पर पड़ गई. जिसके बाद नक्सलियों ने जवानों पर हमला करते हुए उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया. हमला होता देख जवानों ने मोर्चा संभाल लिया. मोर्चा संभालते ही जवानों ने भी जवाबी कार्यवाही की. पहले तो इस मुठभेड़ में जवानों के द्वारा 7 नक्सलियों को ढेंर करने की खबर मिल रही थी. लेकिन सूत्रों की माने तो जवानों ने 7 नही बल्कि 30 नक्सलियों को मार गिराया है. इसके साथ ही जवानों ने मारे गए 14 नक्सलियों के शवों को बरामद कर लिया है. आशंका जताई जा रही है कि इस मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है. घटनास्थल से जवानों ने नक्सलियों के एके 47, एसएलआर सहित अन्य हथियार भी बरामद किया है. इस दौरान सुरक्षाबल के सभी जवान सुरक्षित बताए गए है. बताया जा रहा है कि जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ अब भी चल रही है. बताया जा रहा है कि सुरक्षाबल के जवानों को अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी मिली है.