जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बीते दिनों बोधघाट थाना क्षेत्र के गीदम रोड में मिली वृद्ध महिला की लाश के अनसुलझे मामले को बस्तर पुलिस ने आज सोमवार को सुलझा लिया है। पुलिस ने वृद्ध महिला की हत्या करने वाले हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है।

एएसपी निवेदिता पॉल ने बताया कि बीते 24 सितंबर को बोधघाट पुलिस को सूचना मिली कि गीदम रोड के तेतरकुटी में स्थित एक नाले के पास एक अज्ञात वृद्ध महिला की लाश मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पहली नजर में ही महिला की हत्या होने की आशंका जाहिर कर दी थी। मृतिका की शिनाख्त चतुरी बाई (60) निवासी मेटगुड़ा के रूप में हुई। मामले को गम्भीरता से लेते हुए बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर परपा टीआई धनंजय सिन्हा, बोधघाट टीआई लालजी सिन्हा और कोतवाली टीआई एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तैयार की गई। पुलिस की यह टीम तत्काल ही मामले की जांच में जुट गई। इसी दौरान पुलिस को मौके पर से कुछ सबूत भी मिले। इधर मृतिका की पीएम रिपोर्ट के आते ही यह स्पष्ट हो गया कि महिला की हत्या हुई है। पीएम रिपोर्ट मिलते ही पुलिस की टीम ने जांच में तेजी लाते हुए मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकालना शुरू किया। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से पुलिस ने एक संदिग्ध युवक की पहचान कर ली। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक को अघनपुर तेतरकुटी इलाके में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने अघनपुर में घेराबंदी करते एक संदिग्ध युवक को धर दबोचा। इसके बाद पुलिस ने उक्त संदिग्ध युवक से पूछताछ शुरू की। कड़ी पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम बलराज सिंह बताते हुए पुलिस को बताया कि वह बीते 20 सितंबर की दोपहर में गीदम रोड से तेतरकुटी जा रहा था। इसी दौरान उसका नाले के पास वृद्ध महिला चतुरी बाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उसने आवेश में आकर चतुरी बाई का गला दबाकर हत्या कर दिया। और अपने अपराध को छिपाने के लिए उसने महिला के शव को सड़क से दूर नाले में उगे घास में छिपा दिया। जुर्म कबूल करने के तुरंत बाद ही पुलिस ने आरोपी बलराज सिंह (22) निवासी तेतरकुटी अटल आवास को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed