जगदलपुर- झीरम घाटी हत्याकांड मामले में आज NIA कोर्ट के फैसले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ा बयान दिया है. जगदलपुर में आयोजित कांग्रेस के संभागीय स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे भूपेश बघेल ने NIA की जांच पर ही सवाल खड़े कर दिए. पूर्व सीएम ने कहा कि 25 मई 2013 को झीरम घाटी की घटना के दौरान मौजूद रहे सभी लोगों के बयान तक NIA कोर्ट में दर्ज नहीं किए गए. इतना ही नहीं इस पूरे मामले में जिस राजनीतिक और आपराधिक षड्यंत्र की जांच होनी चाहिए थी, वह भी नहीं हुई. इसके अलावा घटना में शामिल रहे नक्सली गुडसा उसेंडी जिसने बाद में सरेंडर किया और आंध्र प्रदेश की जेलों में बंद कई अन्य नक्सलियों के बयान भी दर्ज नहीं किए गए. ऐसे में उन्होंने जांच की निष्पक्षता और पूर्णता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जांच ही पूरी तरह नहीं हुई, तो फैसला किस आधार पर आएगा? पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अदालत जांच एजेंसी की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट और उसमें रखे गए तथ्यों के आधार पर ही फैसला सुनाएगी. लेकिन जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य शामिल ही नहीं किए गए हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे में जिस फैसले की उम्मीद आम जनता और कांग्रेस कर रही थी. उसके पूरा होने की उम्मीद बेहद कम है.
5 सितंबर को अब झीरम घाटी हत्याकांड का फैसला, फैसले पर भूपेश बघेल का बड़ा बयान- बोले जांच में कई अहम तथ्य रखे ही नहीं गए….