जगदलपुर (डेस्क) – जिले के बस्तर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने खाना बनाने को लेकर हुए मामूली घरेलू विवाद में अपनी ही पत्नी को निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया. यह सनसनीखेज वारदात करमरी गांव में हुई, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है.
क्या हुआ था ?
मृतका की पहचान पूर्णिमा उर्फ फुरनी बघेल के रूप में हुई है, जिसका विवाह लगभग 15 वर्ष पहले रेंगा बघेल से हुआ था और उनके तीन छोटे बच्चे हैं. मृतका के भाई द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार की सुबह उन्हें फोन पर यह चौंकाने वाली खबर मिली कि रात में पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपी रेंगा बघेल ने अपनी पत्नी फुरनी को लकड़ी के बत्ते (डंडे) से बुरी तरह पीटा.
आरोपी ने कबूला जुर्म!
जब मृतका के भाई घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने अपनी बहन को घर के अंदर मृत पाया, जिसके सिर और नाक पर गंभीर और जानलेवा चोटों के निशान थे. आरोपी पति रेंगा बघेल ने स्वयं यह हैरान कर देने वाला खुलासा किया कि उसकी पत्नी दो-तीन दिन से काम की थकान और खाना बनाने को लेकर “सुना रही थी”. बुधवार की रात, इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर उसने पास रखा लकड़ी का बत्ता उठाया और जानलेवा वार कर दिए, जिससे पूर्णिमा की मौके पर ही मौत हो गई.
”रोज-रोज मेरे को सुना रही थी तो मैं क्या करता,” आरोपी रेंगा बघेल ने कथित तौर पर मृतका के भाई से कहा, जो इस बयान को सुनकर सन्न रह गए.
पुलिस कर रही कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए, बस्तर थाना पुलिस ने हत्या (धारा 103) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी रेंगा बघेल को हिरासत में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. इस वीभत्स घटना ने तीन बच्चों को अनाथ कर दिया है और पूरे बस्तर क्षेत्र में सनसनी फैला दी है.
पुलिस ने इस जघन्य अपराध के हर पहलू की जांच शुरू कर दी है.