जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर अब तक की सबसे चौंकाने वाली और तगड़ी कार्रवाई की है! नगरनार पुलिस ने नेशनल हाईवे-63 पर एक सफेद स्कॉर्पियो से 56.605 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में अनुमानित कीमत छप्पन लाख साठ हज़ार रुपये (₹5,66,000) आँकी जा रही है. लेकिन इस कार्रवाई का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि तस्कर जिस वाहन का इस्तेमाल कर रहे थे, उस पर सामने और पीछे ‘POLICE’ लिखा हुआ था और ऊपर व्हीकल लाइट भी लगी थी, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर पुलिस और सुरक्षाबल करते हैं!

पुलिस की मुस्तैदी, तस्करों की नाकामी

​नगरनार थाना प्रभारी को बीते कल बुधवार की शाम मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक सफेद स्कॉर्पियो (क्रमांक CG 04 PW 8248) ओडिशा प्रांत से भारी मात्रा में गांजा लेकर धनपुंजी-जगदलपुर के रास्ते से गुजरने वाली है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल जाल बिछाया.

जंगल के अंधेरे का फायदा उठाकर भागे तस्कर

​देर रात, धनपुंजी फारेस्ट नाका, NH-63 पर पुलिस की मुस्तैदी काम आई. मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए वाली सफेद स्कॉर्पियो आते ही पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया. लेकिन पुलिस नाकाबंदी देखते ही शातिर तस्करों ने फिल्मी अंदाज़ में गाड़ी कुछ दूर पहले ही रोक दी और जंगल के अंधेरे तथा घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे अंधेरे का लाभ उठाकर गायब होने में सफल रहे.

‘POLICE’ स्टिकर के पीछे छिपा था लाखों का ‘नशा’

​पुलिस ने मौके पर ही लावारिस खड़ी स्कॉर्पियो की तलाशी ली. जो नज़ारा सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया. वाहन के पिछले सीट के नीचे छुपाकर रखे गए 11 भूरे रंग के टेप से लिपटे पैकेटों में कुल 56.605 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. जब्त गांजे की शुद्धता की पुष्टि गवाहों के सामने की गई. इसके अलावा, ₹5,00,000/- कीमत की वह ‘POLICE’ लिखी स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई, जिसकी कुल कीमत ₹10,66,000/- है. तस्करों ने पुलिस के नाम का दुरुपयोग कर अधिकारियों की आँखों में धूल झोंकने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी यह चाल नाकाम रही.

जांच जारी, तस्करों की तलाश तेज

​नगरनार पुलिस ने अज्ञात फरार तस्करों के खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (NDPS Act) की धारा 20(B)iiC के तहत मामला दर्ज कर लिया है. यह धारा वाणिज्यिक मात्रा में मादक पदार्थ रखने के लिए कठोर दंड का प्रावधान करती है. आरटीओ कार्यालय जगदलपुर को वाहन मालिक की जानकारी के लिए आवेदन भेजा गया है. पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार तस्करों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं.

​’POLICE’ की आड़ में नशा तस्करी का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed