जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, बस्तर पुलिस ने दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 464 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद की गई हैं. दोनों के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.
ग्राहक का इंतजार करते पकड़े गए आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोधघाट पुलिस को बीते कल बुधवार को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना मिली थी. सूचना में बताया गया था कि सरगीपाल रोड रेलवे साइडिंग मोड़ के पास दो युवक प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं.
सूचना की गंभीरता को देखते हुए, अति. पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया.
प्रतिबंधित दवाओं की बड़ी खेप जब्त
पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को संयुक्त रूप से एक प्लास्टिक थैले के साथ पकड़ लिया. पूछताछ और तलाशी में आरोपियों ने अपना नाम करण यादव (उम्र 33 वर्ष) निवासी अब्दुल कलाम वार्ड और कृष्णा केंवट (उम्र 22 वर्ष) निवासी कुम्हार पारा बताया.
आरोपियों के कब्जे से pyeevon spas plus dicyclomine hcl tramadol नामक प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल की कुल 464 नग बरामद हुईं. अवैध बाजार में इन कैप्सूलों का मूल्य ₹17,400/- बताया गया है.
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, जेल भेजा गया
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया. आज गुरुवार को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष न्यायालय NDPS में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.