जगदलपुर (डेस्क) – शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, नवाचार और समय की पाबंदी का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए, सेजस अलनार की व्याख्याता नेहा श्रीवास को इस माह के प्रतिष्ठित “पोस्ट ऑफ द मंथ” (विनोबा पोस्ट) सम्मान से नवाजा गया है. लोहंडीगुड़ा विकासखंड की शिक्षा अधिकारी शालिनी तिवारी द्वारा स्वयं विकासखंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया.

नेहा श्रीवास को यह सम्मान विशेष रूप से उनकी रचनात्मक शिक्षण पद्धति, विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने के सफल प्रयासों और शैक्षणिक अनुशासन में उनके अनुकरणीय योगदान के लिए दिया गया है. ‘विनोबा पोस्ट’ पूरे विकासखंड में शिक्षकों के प्रदर्शन, नवाचार और शैक्षणिक अनुशासन के गहन मूल्यांकन के बाद दिया जाने वाला एक अति-प्रेरणादायक सम्मान है, और इस माह यह गौरव सेजस अलनार को मिला है.

शिक्षक समाज का निर्माता है : बीईओ

​इस अवसर पर विकास खंड शिक्षा अधिकारी शालिनी तिवारी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में श्रीमती श्रीवास के कार्य की सराहना करते हुए कहा, “शिक्षक समाज का निर्माता है. जिस शिक्षक में समय की अनुशासनता, शिक्षण के प्रति लगन और विद्यार्थियों के प्रति स्नेह है, वही शिक्षा की सच्ची नींव रखता है. नेहा श्रीवास का यह सम्मान पूरे ब्लॉक के लिए एक प्रेरणास्रोत है.”

​संकुल समन्वयक सुकरु राम बघेल ने भी नेहा श्रीवास को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक जब अपने कार्य को जिम्मेदारी और जुनून के साथ निभाता है, तो उसका प्रभाव पूरे ब्लॉक के शैक्षणिक वातावरण को ऊर्जावान बना देता है.

यह पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत का परिणाम : नेहा श्रीवास

​सम्मान ग्रहण करने के पश्चात नेहा श्रीवास ने विनम्रतापूर्वक कहा, “यह पुरस्कार केवल मेरा नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत और सहयोग का परिणाम है. मैं आभारी हूँ कि मुझे ऐसा मंच मिला जहाँ हम सब मिलकर बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर पा रहे हैं.”

नेहा श्रीवास का यह सम्मान लोहंडीगुड़ा विकासखंड के अन्य शिक्षकों के लिए एक नया मानदंड स्थापित करता है और यह दर्शाता है कि रचनात्मकता एवं जिम्मेदारी से किया गया शिक्षण कार्य अवश्य पहचान पाता है. कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें इस बड़ी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed