सुकमा (डेस्क) – दोरनापाल नगर पंचायत की लापरवाही से आम जनता परेशानी झेल रही है. नदी रोड पर लगी स्ट्रीट लाइटें पिछले 15 दिनों से पूरी तरह खराब हैं. हालत यह है कि एक भी खंभे में लाइट नहीं जल रही, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ है. अंधेरे के कारण आम नागरिकों को हर दिन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में किड़े – मकोड़े और जहरीले जीव – जंतु अक्सर सड़क पर आ जाते हैं. रात में अंधेरा होने से इनके कारण दुर्घटना और नुकसान का खतरा बढ़ गया है. वहीं, इन दिनों गणेश उत्सव का आयोजन भी हो रहा है. श्रद्धालु सुबह – शाम बड़ी संख्या में नदी रोड से होकर मंदिरों की ओर जाते हैं. अंधेरे के कारण पूजा – अर्चना करने वालों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है.
जनता की परेशानी को देखते हुए वार्ड क्रमांक 04 की पार्षद बसंती यादव ने नगर पंचायत प्रशासन को पत्र लिखकर समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि “बरसात और अंधेरे में ग्रामीणों, खासकर बच्चों और महिलाओं के लिए बाहर निकलना जोखिम भरा है. गणेश पूजा के समय श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना बनी रहती है.”

निवासियों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं में स्ट्रीट लाइट सबसे अहम है, लेकिन लंबे समय से समस्या का हल न होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है. लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि जनता की सुरक्षा को देखते हुए जल्द से जल्द लाइटें दुरुस्त कराई जाएं.
अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत कब कार्रवाई करता है और नदी रोड के अंधेरे में डूबे इस इलाके को रोशनी कब नसीब होती है.