जगदलपुर (डेस्क) – भारतदेश के चार राज्यों महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ के 9 लोगों से 26 करोड़ से अधिक रुपए की धोखाधड़ी करने वाले एक फरार आरोपी को बस्तर पुलिस ने आज बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं इस मामले में फरार एक अन्य आरोपी की पतासाजी पुलिस के द्वारा की जा रही है.

बस्तर ASP माहेश्वर नाग से मिली जानकारी के अनुसार जगदलपुर निवासी मोहित चावड़ा ने बीते अप्रैल महीने में कोतवाली थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इस रिपोर्ट के अनुसार प्रार्थी मोहित चावड़ा ने पुलिस को बताया कि ऑर्बिट इलेक्ट्रोमेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नाम के एक कंपनी के संचालक अनिल राय और पर्चेस मैनेजर राहुल चौहान के द्वारा पिग आयरन लेकर 64,51,143 रुपए वापस न कर गबन कर धोखाधड़ी किया गया है. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया. इसके बाद विशेष टीम आरोपियों की पतासाजी में जुट गई. इसी दौरान पुलिस की विशेष टीम ने अनिल राय को इंदौर (एमपी) धर दबोचा. इसके बाद पुलिस की टीम ने पकड़े गए आरोपी अनिल राय से पूछताछ शुरू की. इस पूछताछ में आरोपी अनिल राय ने अपना जुर्म कबूल करते हुए इस मामले में कई अहम खुलासे किए. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह औरंगाबाद स्थित ऑर्बिट इलेक्ट्रोमेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी और इंदौर तथा कोलकाता स्थित बोल्स्टर ट्रेडलिंक लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर है. पहले उसने और उसके कंपनी के पर्चेस मैनेजर राहुल चौहान ने मिलकर जगदलपुर शहर के मोहित चावड़ा से कांटेक्ट किया. इसके बाद राहुल चौहान ने मोहित चावड़ा को सोशल मीडिया (वाट्सएप) के जरिये अपने आप को ब्लास्टर ट्रेडलिंक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का पर्चेस मैनेजर बताया. इसके साथ ही राहुल ने वाट्सएप में मेसेज के माध्यम से मोहित चावड़ा को 2 हजार मेट्रिक टन पिग आयरन की जरूरत होने की बात कहकर रेट के बारे में जानकारी मांगी. इसके बाद मोहित चावड़ा ने राहुल को ऑफर लेटर जारी कर दिया. लेटर जारी करने के बाद मोहित ने राहुल से कंपनी के डायरेक्टर (संचालक) अनिल राय बताए अनुसार हैदराबाद के एमपीएल नामक एक कंपनी को 209 टन पिग आयरन को ट्रकों के माध्यम से भेज दिया. उक्त पिग आयरन की कीमत 90 लाख 52 हजार से ज्यादा बताई गई है. इसके बाद अनिल राय और राहुल ने हैदराबाद के एमपीएल कंपनी से रुपए ले लिया. लेकिन उन्होंने यह रुपए मोहित को ना देकर खुद ही किसी अन्य कंपनी में इन्वेस्ट कर दिया. इस दौरान मोहित के द्वारा अनिल और राहुल से लगातार 64,51,143 रुपए की जाती रही. लेकिन अनिल और राहुल ने मोहित के रुपए वापस नही दिए.

वहीं पुलिस ने इस मामले की अधिक जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी अपने कंपनी ऑर्बिट इलेक्ट्रोमेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड औरंगाबाद और ब्लॉस्टर ट्रेडलिंक लिमिटेड इंदौर एंड कोलकाता को ट्रेडिंग कंपनी का हवाला देते हुए एक कंपनी से माल उठाकर दूसरे कंपनी में डिलीवर करता था. इसके साथ ही वह वहां से रुपए लेकर सामने वाली कंपनी को न देकर खुद गबन कर लेता था. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी अनिल राय के खिलाफ देश के अन्य राज्यों बिहार के 2 थानों में, उत्तरप्रदेश के 1 और महाराष्ट्र के 2 थानों में भी धोखाधड़ी करने के मामले पहले से ही दर्ज है. इनमें से उत्तरप्रदेश और बिहार के मामलों में यह आरोपी फरार है. पुलिस ने बताया कि इस आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के अलावा दुर्ग में 2 मामले और रायपुर में 1 मामला दर्ज है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ देश के चार राज्यों में 9 मामले दर्ज है. जिसमें कुल 26 करोड़ 36 लाख से ज्यादा रुपए की धोखाधड़ी करने का अनिल राय आरोपी है. बताया गया कि मामले की जांच के आगे बढ़ने पर आरोपी के खिलाफ मामलों और रूपयों की संख्या और भी बढ़ सकती है. फिलहाल पुलिस के द्वारा मामले की जांच की जा रही है. वहीं इस मामले में फरार राहुल चौहान की तलाश पुलिस के द्वारा की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed