जगदलपुर। इन दिनों बस्तर के युवा बस्तर फाइटर्स और सेना भर्ती के लिए पसीना बहाते नजर आ रहे हैं। बस्तर फाइटर्स और सेना भर्ती के प्रति लोगों में रुझान बढ़ा है। बस्तर फाइटर्स की भर्ती दिसंबर के प्रथम पखवाड़े तथा सेना भर्ती मार्च 2022 के प्रथम पखवाड़े में संभावित नजर आ रही है। बस्तर फाइटर्स के लिए बस्तर जिले में युवक-युवतियों के लिए 300 पद निकाले गए हैं।
बस्तर फाइटर्स की भर्ती के लिए समय नजदीक है इस बात पर बस्तर एसपी जितेंद्र सिंह मीणा विशेष ध्यान दे रहे हैं। कलेक्टर और एसपी के निर्देशानुसार बस्तर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में इस चयन हेतु विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिस पर बस्तर कलेक्टर एसपी और भारतीय सेना में भर्ती के लिए प्रशिक्षण प्रभारी कमांडर संदीप मुरारका स्वयं प्रशिक्षण शिविर में जाकर युवाओं को इस भर्ती के लिए समय-समय पर आवश्यक जानकारी और निर्देश देते रहते हैं।
इन अधिकारियों को अपने बीच पाकर युवाओं को सही जानकारी मिलने के साथ साथ इनका उत्साह भी बढ़ता है।इसी क्रम में बस्तर एसपी जितेंद्र सिंह मीणा और आर आई दीपक कुमार शर्मा आज सुबह तोकापाल विकासखंड के हायर सेकेंडरी स्कूल मोरठपाल मैदान में आकर आवेदकों को भर्ती प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी, प्रशिक्षण के तौर-तरीके को सही तरीके से करने के बारे में प्रशिक्षित किया। लगभग 3 घंटे तक चले इस प्रशिक्षण में 141 लोग सम्मिलित हुए। इस अवसर पर तोकापाल विकास खंड शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, बीआरसी अजय शर्मा, मोरठपाल प्राचार्य प्रेम बहाल सिंह ठाकुर, विधु शेखर झा पीटीआई, कोटेश्वर राव नायडू, अविनाश माने ,परशुराम कश्यप उपस्थित थे।
प्रशिक्षणार्थियों को बस्तर एसपी ने कहा कि बस्तर फाइटर्स चयन प्रक्रिया के लिए अधिक समय नहीं बचा है। आप सही तरीके से नियमित रूप से अभ्यास करते रहें। ऐसे नियमित अभ्यास से ही आप बस्तर फाइटर्स या भारतीय सेना जैसे अवसरों के लिए सफल हो सकेंगे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को कहा की यदि आपको आवश्यकता होगी तो वह यहां फिर आएंगे। बस्तर एसपी ने मोरठपाल की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।