सुकमा (नवीन कश्यप). नक्सल प्रभावित सुकमा – बीजापुर बॉर्डर में बीते कल गुरुवार को मुठभेड़ में मारे गए तीनों नक्सलियों को शिनाख्ती हो गई है. पुलिस ने बताया कि मारे गए तीनों हार्डकोर नक्सली थे. मारे गए इन नक्सलियों पर सरकार ने कुल 18 लाख रुपये का ईनाम घोषित कर रखा था.

सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि बीते 8 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि पालीगुड़ा और गुंडराजगुडेम इलाके में बड़ी संख्या में नक्सलियों का जमावड़ा लगा हुआ है. सूचना मिलते ही सुकमा डीआरजी, एसटीएफ और 203, 204, 206, 208 कोबरा तथा 241, 131, 2nd बटालियन सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम को तत्काल ही मौके पर के लिए रवाना किया गया. अगले दिन सुबह करीबन 8 बजे सुरक्षाबल की टीम जैसे ही पालीगुड़ा और गुंडराजगुडेम के बीच जंगल में पहुंची तभी अचानक नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया. दोनों ओर से रुक रुक कर फायरिंग होती रही. जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए. इसके बाद जवानों ने घटनास्थल में सर्च ऑपरेशन चलाया. इस सर्च ऑपरेशन में जवानों ने घटनास्थल से 3 पुरुष हार्डकोर नक्सलियों का शव बरामद किया. जवानों ने मौके पर से नक्सलियों का 2 बीजीएल लांचर, 1 नग 12 बोर बंदूक, 3 टिफिन बम, 5 नग बीजीएल सेल और भारी मात्रा में विस्फोटक सामान भी बरामद किया है. एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की शिनाख्ती 8 लाख रुपये ईनामी नक्सलियों के प्लाटून नम्बर 30 डिप्टी कमांडर पीपीसीएम कोरसा महेश निवासी बीजापुर, 5 लाख रुपये ईनामी एसीएम माड़वी नवीन उर्फ निवासी बीजापुर और 5 लाख रुपये ईनामी एसीएम अवलम भीमा निवासी सुकमा के रूप में हुई है. एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में मारा गया कोरसा महेश आईईडी एक्सपर्ट था, जो जिले के महत्वपूर्ण कई घटनाओं में शामिल रहा है. कोरसा महेश बीते 17 दिसंबर 2023 में जगरगुंडा थाना क्षेत्र के बेदरे कैम्प के नजदीक सीआरपीएफ के सब इंपेक्टर सुधाकर रेड्डी की हत्या, 23 जून 2024 को सिलगेर – टेकलगुड़ेम के बीच तिम्मापुरम के पास सीआरपीएफ के ट्रक को आईईडी ब्लास्ट कर दो जवानों की हत्या, 3 नवंबर 2024 को जगरगुंडा के साप्ताहिक बाजार में दो पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला कर उनके हथियार लूटने और 28 दिसंबर 2024 को पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के गोरगुंडा और पोलमपल्ली के पास सुरक्षाबलों को बड़ा नुकसान पहुंचाने आईईडी प्लांट करने का मास्टरमाइंड था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed