नवीन कश्यप, सुकमा- बस्तर संभाग के सुकमा जिले में सुरक्षाबल के जवानों को नक्सली मोर्चे पर आज एक सफलता मिली है. सुकमा की जमीन पर जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए दफन किये गए मौत के सामान को जवानों ने बरामद करके मौके पर ही नष्ट कर दिया है. जिसका वीडियो भी सामने आया है. ब्लास्टिंग का वीडियो काफी भयावह है.

सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि कोंटा और गोलापल्ली के बीच सड़क निर्माण का कार्य जारी है. जिसकी सुरक्षा पर सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं. स्थानीय पुलिस बल और सीआरपीएफ के जवानों के द्वारा लगातार सड़क की डीमाइनिंग की जा रही है. डीमाइनिंग के दौरान कोंटा और गोलापल्ली के बीच बेलपोच्चा के निकट माओवादियों द्वारा 2 दिन पूर्व किये गए आईईडी बम प्लांट को खोजकर बरामद किया. बरामद किया गया आईईडी बम 10 किलो का था. जिसे फोर्स को बड़ा नुकसान पहुंचाने के लिए लगाया गया था. सुरक्षाबल की सतर्कता से बड़े नक्सली घटना को टाला गया. और बरामद किए गए आईईडी बम को सुरक्षित तरीके से सूझबूझ के साथ मौके पर ही नष्ट कर दिया. एसपी ने बताया कि इलाके में जवानों के द्वारा सर्चिंग और डीमाइनिंग की कार्यवाही जारी है.

दरअसल सुरक्षाबल के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए बस्तर में 4 दशकों से काबिज माओवादी हमेशा से ही आईईडी बम का इस्तेमाल करते आए हैं. और इन बमों से सुरक्षाबल के जवानों को काफी नुकसान भी हुआ है. इसके अलावा स्थानीय आदिवासी ग्रामीणों के साथ ही मवेशियों को भी बम से नुकसान होता आया है. बीते सालों में दंतेवाड़ा जिले के अरणपुर में भी माओवादियों ने आईडी ब्लास्ट किया था. जिसमें कई जवान शहीद हो गए थे. वहीं 4 दिन पूर्व 6 जनवरी को बीजापुर जिले के कुटरु और बेदरे के बीच अंबेली नाला के पास माओवादियों ने आईईडी बम ब्लास्ट किया और इस ब्लास्ट में 8 जवान सहित एक ड्राइवर शहीद हो गए. इस घटना के चार दिन बाद ही सुकमा जिले में 10 किलो के आईईडी बम को बरामद करके नष्ट किया गया. इस कारण सुकमा पुलिस जवानों के इस कार्यवाही को बड़ी सफलता मान रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed