नवीन कश्यप, सुकमा- नक्सली मोर्चे पर तैनात सुरक्षाबल के जवानो को नुकसान पहुंचाने के लिए अलग अलग क्षेत्रों में लगाए गए 3 वजनी IED बम को जवानों ने बरामद कर मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया है. और माओवादियों के नापाक इरादों पर पानी फेर दिया है. यह कार्रवाई जवानों की संयुक्त टीम ने अलग अलग थाना क्षेत्रों में की है.

सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि जिले में लगातार नक्सल उन्नमूलन अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में जवानों के मूवमेंट इलाके में माओवादियों द्वारा आईईडी बम लगाने की सूचना मुखबिर से मिली. इस सूचना पर किस्टारम थाना क्षेत्र के सलतोंग कैम्प और चिंतागुफा के डब्बाकोंटा कैम्प से जिला बल, सीआरपीएफ 50 वीं और 217 वीं बटालियन और 208 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम को अलग अलग गांव और जंगल सलातोंग, डकडमगुड़ा, डब्बाकोंटा, पेंटापाड़ व आसपास के जंगलो में रवाना किया गया था. सर्चिंग के दौरान जवानों ने किस्टारम थाना क्षेत्र से 2 आईईडी बम और चिंतागुफा थाना क्षेत्र से 1 आईईडी बम को बरामद किया. जिसके बाद उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया. जिसके बाद सर्चिंग अभियान समाप्त करके जवान सुरक्षित कैम्प वापस लौट गए. निष्क्रिय किये गए इन आईईडी बम में एक टिफिन बम 10 किलो वजनी, दूसरा टिफिन बम 5 किलो वजनी और तीसरा प्रेशर आईईडी 3 किलो वजनी था.

दरअसल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए माओवादियों हमेशा से ही आईईडी बम का इस्तेमाल करते आये हैं. और इन आईईडी बम से जवानों के साथ आम नागरिकों और मवेशियों को काफी नुकसान भी हुआ है. इस लिहाज से आज की इस कार्यवाही को जवान एक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed