जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). सोशल मीडिया के जरिये देश के अलग अलग राज्यों के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस को आज सोमवार को बड़ी कामयाबी मिली है. इतने बड़े ठगी के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गुजरात से धर दबोचा है. वहीं दुबई में बैठे इस मामले के मास्टरमाइंड को भी पुलिस दबोचने की तैयारी में जुट गई है.
मिली जानकारी के अनुसार शहर के कुम्हारपारा निवासी सेतराम साहू बीते 24 मई से 23 जून के बीच सोशल मीडिया के फेसबुक में एक विज्ञापन के माध्यम से TPGAMC STOCK BUISNESS SCHOOLD – 109 नामक एक वाट्सएप ग्रुप जुड़ गया. जुड़ने के बाद कुछ अज्ञात लोगों ने सेतराम से सम्पर्क करना शुरू किया. सम्पर्क करने के बाद अज्ञात लोगों ने सेतराम को स्टॉक मार्केट में रुपये लगाकर ज्यादा रुपये कमाने का झांसा दिया. जिसके लिए अज्ञात लोगों ने सेतराम को उसके मोबाइल में TPG MF नाम से एक एप्लीकेशन डाउनलोड करवाया. और इसी एप्लीकेशन के जरिये स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग में रुपये इन्वेस्ट करने के लिए प्रेरित किया. इसके बाद अज्ञात लोगों ने सेतराम के बैंक खाते से 26 लाख 30 हजार रुपये फर्जी निवेश के नाम से निकाल लिए. कुछ दिनों बाद पूरा मामला समझने के बाद सेतराम ने इस घटना को लेकर शहर के बोधघाट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया. रिपोर्ट दर्ज होते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर पुलिस की एक टीम का गठन किया गया. पुलिस की टीम ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सबूतों के आधार पर कुछ संदेहियों को गुजरात में रहना पाया. देर ना करते हुए पुलिस की टीम तत्काल ही गुजरात के लिए रवाना हो गई. गुजरात के सूरत में पहुंचने के बाद पुलिस की टीम ने वहां से 4 संदिग्ध लोगों को धर दबोचा. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए लोगों से पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में चारों आरोपी यज्ञेश प्रवीण भाई शियाणिया (25), डोबरिया महेंद्रा भीखू (29), घनश्याम भाई भगवान (33) और अजरिया अभिषेक जयंती (26) सभी निवासी सूरत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके साथ ही आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने स्टॉक मार्केट में इन्वेस्टमेंट के नाम पर छत्तीसगढ़ के दुर्ग, भिलाई और बस्तर के लोगों से लगभग 2 करोड़ 39 लाख 20 हजार रुपये से अधिक ठगी की है. आरोपियों में से एक अभिषेक ने बताया कि इस मामले का मास्टरमाइंड निखिल पनसरिया दुबई में बैठकर यह अवैध काम चलाता है. उसके ही कहने पर अभिषेक दुबई जाकर उसके बताए जगहों में रुपये पहुंचाने का काम वह करता था. पूरी जानकारी मिलने के बाद बस्तर पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं पुलिस ने इस मामले से जुड़े बैंक खातों को फ्रिज करने की कार्यवाही कर रही है. पुलिस के अनुसार इस मामले में अभी और भी बड़े खुलासे हो सकते है. इसके साथ ही ठगी की रकम बढ़ भी सकती है. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.