नवीन कश्यप, सुकमा- बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में लगातार नक्सली मोर्चे पर तैनात सुरक्षाबल के जवानों को सफलता मिल रही है. विश्व आदिवासी दिवस के दिन 05 महिला माओवादी सहित 11 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है. इनमें एक महिला माओवादी के ऊपर 1 लाख का ईनाम घोषित था.
सुकमा एएसपी निखिल राखेचा ने बताया कि ज़िले में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है. और नियद नेल्लानार योजना का फायदा अंदरूनी क्षेत्रों के ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है. और भटके हुए माओवादियों से सरेंडर करने की अपील भी की जा रही है. जिससे प्रभावित होकर आज विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 1 ईनामी माओवादी सहित 11 सक्रिय माओवादियों ने सरेंडर किया है. सरेंडर महिला माओवादी सोढ़ी भीमे गोलापल्ली LOS सदस्य के रूप में सक्रिय थी. जिस पर छत्तीसगढ़ सरकार ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. वहीं मड़कम देवे, माड़वी सन्ना, वेट्टी भीमा, वेक्को आयता, पोडियाम हूंगा, मड़कम सुक्की, ओयाम जोगी, दूधी हांदा, पदाम कोसी व मड़कामी बुधु नक्सल संगठन में अलग अलग इलाके में अलग अलग पद पर पदस्थ थे. जिन्होंने आज सुकमा पुलिस के समक्ष सरेंडर किया है. सभी माओवादियों को जल्द ही नक्सलवाद उन्नमूलन नीति के तहत सहायता राशि व अन्य सुविधाएं प्रदाय करने की बात सुकमा पुलिस ने कही है.