जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). जिले में पुलिस के द्वारा अवैध मादक पदार्थों का काला बाजार चलाने वाले कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने बीते कल शुक्रवार को लाखों रुपयों का गांजा सप्लाई करने वाले तीन आरोपियों समेत दो खरीददारों को भी रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान निवासी दो युवक एनएच 30 में स्थित नया पुलिया के पास खड़े होकर गांजा सप्लायर का इंतजार कर रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर कोतवाली टीआई के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तत्काल ही मौके पर के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंचते ही पुलिस की टीम ने दो संदिग्ध युवकों को पहचान लिया. पुलिस ने संदिग्ध युवकों से पूछताछ की. पूछताछ में युवकों ने गांजे की डिलीवरी लेने की बात कबूल कर ली. इसके बाद पुलिस की टीम भी गांजे के सप्लायर के आने का इंतजार करने लगी. कुछ देर इंतजार करने के बाद पुलिस ने देखा कि तीन युवक एक स्कूटी सीजी 17 केडब्लू 9606 में सवार होकर वहां पहुंचे. बाइक सवार युवकों ने दो बोरे पकड़ रखे थे. इसके बाद स्कूटी सवार युवकों ने जैसे ही दोनों बोरों को वहां इंतजार कर रहे युवकों को दिया, वैसे ही पुलिस की टीम ने घेराबंदी करते हुए सभी युवकों को धर दबोचा. तलाशी लेने पर पुलिस ने युवकों के पास रखे दोनों बोरो से लगभग 20 किलो से अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 1 लाख रुपये से ज्यादा आंकी गई है. पकड़ने के बाद पुलिस ने सभी युवकों से कड़ाई से पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में राजस्थान निवासी किशनलाल सालेवि और शिवलाल गाडरी ने पुलिस को बताया कि जगदलपुर निवासी घण्टेश्वर माहरा, राजेश बघेल और मोनू यादव से उनकी बात हुई थी. यह तीनों युवक उन्हें 20 किलो गांजा ओड़िसा से लाकर देने आए थे. जिसके लिए उन्होंने फ़ोन पे के जरिये कुछ रुपये भी दिए थे. और इसके पहले भी किशनलाल और शिवलाल ने इन युवकों से गांजा खरीद था. वहीं पुलिस की कड़ी पूछताछ में बाइक सवार तीनों युवकों ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने सभी आरोपियों किशनलाल सालेवि (26), शिवलाल गाडरी (19), घण्टेश्वर माहरा (27) निवासी सनसिटी अटल आवास, राजेश बघेल (20) निवासी सनसिटी अटल आवास और मोनू यादव (26) निवासी सोमाबाड़ा शांतिनगर वार्ड को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed