अवैध शराब परिवहन पर पुलिस का शिकंजा, 102 पौवा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार…..

नारायणपुर- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ ओरछा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी मदिरा के 102 पौवा, कुल 18.360 बल्क लीटर शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की है. जब्त शराब और मोटरसाइकिल की कुल अनुमानित कीमत 16360 रुपये बताई गई है.

पुलिस के मुताबिक 16 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG-19-BQ-2811 में अवैध रूप से देशी शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही ओरछा पुलिस ने ओरछा से नारायणपुर जाने वाले मार्ग पर ग्राम बड़गुमर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका और तलाशी ली. तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे दो पिट्ठू बैग से शराब बरामद हुई. पहले बैग में 180 एमएल की 60 बोतलें और दूसरे बैग में 42 बोतलें मिलीं. इस तरह पुलिस ने कुल 102 पौवा देशी मदिरा जब्त की. जिसकी अनुमानित कीमत 8,160 रुपये है. वहीं परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की कीमत 8,200 रुपये आंकी गई है.

इस मामले में पुलिस ने जुरियाराम कावड़े (28), निवासी टाहकावाड़ा, वर्तमान निवास ओरछा मांझीपारा और सुमन ध्रुव (30), निवासी इंदिरा आवासपारा, ओरछा को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना ओरछा में अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई. आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles