जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले में सड़क हादसों का खूनी सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे 30 पर स्थित कांगेर वैली नेशनल पार्क के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और ट्रक का चालक अब भी वाहन के भीतर ही फंसा हुआ है.
कैसे हुआ हादसा ?
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच दरभा थाना क्षेत्र के कांगेर वैली नेशनल पार्क इलाके में एक ट्रक और पिकअप वाहन एक ही दिशा में जा रहे थे. इसी दौरान अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे पिकअप से जा टकराया.

बस्तर एएसपी माहेश्वर नाग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस टक्कर की चपेट में आने से पिकअप सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, लगा लंबा जाम
हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर बुरी तरह से वाहन के मलबे में फंस गया है. पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और क्रेन की मदद से वाहन को काटकर चालक को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है. इस भीषण टक्कर की वजह से नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है. पुलिस क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कर यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटी है.
क्यों खतरनाक है यह इलाका ?
कांगेर वैली नेशनल पार्क से गुजरने वाला यह मार्ग ‘ब्लैक स्पॉट’ बनता जा रहा है. इसके पीछे मुख्य कारण हैं:
सिंगल रोड : नेशनल पार्क क्षेत्र होने के कारण यहाँ सड़क चौड़ीकरण की अनुमति नहीं है.
घाटी और संकरा रास्ता : घाटी वाला क्षेत्र होने के कारण यहाँ भारी वाहनों को नियंत्रित करना मुश्किल होता है.
तकनीकी खराबी : पुराने वाहनों का ब्रेक फेल होना इस रूट पर हादसों की बड़ी वजह बन रहा है.
बस्तर में बढ़ते मौतों के आंकड़ें (एक नजर में )
बस्तर संभाग में सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावे आंकड़ों के सामने बौने नजर आ रहे हैं:
2023: 837 मौतें
2024: 830 मौतें
2025: 782 मौतें