जगदलपुर (डेस्क) – छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ माओवादियों द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने के लिए बिछाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से एक मासूम ग्रामीण बालक गंभीर रूप से घायल हो गया है.
जंगल के रास्ते जाते समय हुआ धमाका
मिली जानकारी के अनुसार, घटना गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोरचोली की है. सोमवार को 15 वर्षीय किशोर राम पोटाम लेंड्रा और कोरचोली के बीच स्थित जंगल से गुजर रहा था. इसी दौरान उसका पैर नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे प्लांट किए गए प्रेशर आईईडी (IED) पर पड़ गया. धमाका इतना जोरदार था कि किशोर के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं.
CRPF ने बढ़ाया मदद का हाथ
विस्फोट की आवाज सुनकर और जानकारी मिलते ही पास में तैनात 222 बटालियन CRPF के जवान तुरंत मौके पर पहुँचे. घायल किशोर को तत्काल कोरचोली स्थित सीआरपीएफ कैंप ले जाया गया, जहाँ चिकित्सा दल ने उसे प्राथमिक उपचार दिया. किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया है.
इलाके में सर्चिंग तेज
सूत्रों के अनुसार इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है. जंगल में माओवादियों द्वारा लगाए गए अन्य संभावित विस्फोटकों को खोजने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए सघन सर्चिंग और डि-माइनिंग अभियान चलाया जा रहा है.