जगदलपुर (डेस्क) – सड़क हादसों पर लगाम लगाने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी 2026’ के तहत आज शुक्रवार को बस्तर पुलिस ने एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया. बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में निकली इस रैली ने पूरे शहर को सुरक्षित सफर का संदेश दिया.

शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी रैली 

​यातायात शाखा जगदलपुर से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख हृदय स्थलों जैसे कोतवाली चौक, एस.बी.आई. चौक, गोल बाजार, चांदनी चौक और शहीद पार्क से होते हुए गुजरी. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी ने आम जनता का ध्यान खींचा. रैली का समापन वापस यातायात शाखा में हुआ.

SP की अपील : “नियमों का पालन करना सिर्फ मजबूरी नही, जीवन की जरूरत”

​रैली के दौरान बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने आम नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि सड़क पर आपकी सुरक्षा आपके अपने हाथ में है. उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि:

● ​दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीटबेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें.

● ​नशे की हालत में वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें.

● ​ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग जैसी लापरवाही से बचें.

जागरूकता रथ और बैनर बने आकर्षण का केंद्र

​यातायात पुलिस ने इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ‘यातायात जागरूकता रथ’ का सहारा लिया. बैनर और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को यह समझाया गया कि हेलमेट सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना में सिर की गंभीर चोट से बचने के लिए जरूरी है.

इन अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

​इस अभियान को सफल बनाने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग, योगेश देवांगन (ऑप्स), अनुविभागीय अधिकारी लक्ष्मण पोटाई, और यातायात प्रभारी संतोष जैन सहित साइबर सेल, डीसीबी शाखा और विभिन्न थानों के प्रभारियों व पुलिस स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई.

बस्तर पुलिस का संदेश : “हेलमेट-सीटबेल्ट के साथ सफर, सुरक्षित सफर.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed