जगदलपुर (डेस्क) – दिवाली के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में त्योहारों की चमक के बीच, सोना-चांदी चमकाने के नाम पर चल रहे एक बड़े धोखे का पर्दाफाश हुआ है. बस्तर पुलिस ने बिहार से आए दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक ग्रामीण महिला का पुश्तैनी सोने का ‘चीक माला’ सफाई के नाम पर चालाकी से गला दिया और उसका वजन काफी कम कर दिया.
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम ?
बीते कल, 5 दिसंबर 2025 को कोडेनार थाना क्षेत्र के बड़े किलेपाल में रहने वाले बिच्नान पोयाम के घर दो अजनबी पहुंचे. उन्होंने खुद को सोना-चांदी साफ करने वाला बताया और ग्रामीण महिला मड्डो पोयाम को झांसे में लिया. महिला ने विश्वास करके अपना बहुमूल्य पुश्तैनी सोने का ‘चीक माला’ उन्हें सौंप दिया.
पुलिस के अनुसार, दोनों ठगों – पवन कुमार साह और रंजित कुमार साह (दोनों बिहार निवासी) – ने सफाई के दौरान बड़ी सफाई से सोने को गला दिया और उसमें से एक हिस्सा गायब कर दिया, जिससे माला का वजन अचानक कम हो गया. महिला को जब पता चला कि उसके साथ छल हुआ है और पुश्तैनी सोने का नुकसान हो गया है, तो तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
बिहार से आए शातिर सोनार गिरफ्तार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक शुलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बड़े किलेपाल से दबोच लिया.

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया. उनके कब्जे से एक हीरो स्प्लेंडर मोटर सायकल, गला हुआ सोना (0.870 मिलीग्राम), अध-गला चीक माला का दाना और सोने की शुद्धता जांचने वाले पत्थर, हथौड़ी, कैंची समेत वारदात में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं.
फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.