जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिला मुख्यालय में आज एक चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पुलिस लाइन में पदस्थ एक युवा आरक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल से बरामद हुआ है. यह सनसनीखेज खबर बस्तर एएसपी महेश्वर नाग ने स्वयं जारी की है.
गायब हुए आरक्षक की लाश ने मचाया हड़कंप
पुलिस लाइन में तैनात आरक्षक डमरू नायक, उम्र 32 वर्ष, जो ग्राम बजावंड के निवासी थे, 03/12/25 की शाम से अचानक अपने घर से लापता हो गए थे. परिवार द्वारा कोतवाली थाने में गुमशुदगी की सूचना दिए जाने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी. आजशुक्रवार की सुबह, कोतवाली पुलिस की पतासाजी के दौरान ग्राम आसना के जंगल में आरक्षक डमरू नायक का शव पेड़ से फांसी पर लटका हुआ मिला. इस खबर ने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है.
क्या है आत्महत्या का कारण ?
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. उन्होंने कहा, “पहला अनुमान यह है कि आरक्षक ने गहन व्यक्तिगत परेशानियों के चलते यह चरम कदम उठाया है.”
शव को तत्काल पीएम (पोस्टमॉर्टम) के लिए रवाना कर दिया गया है. पुलिस ने मामले की गहन जाँच शुरू कर दी है कि आखिर किन व्यक्तिगत मजबूरियों ने एक युवा पुलिस जवान को इतना बड़ा फैसला लेने पर मजबूर कर दिया.
बस्तर पुलिस इस पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है. क्या यह सिर्फ व्यक्तिगत परेशानी है, या इसके पीछे कोई और चौंकाने वाला कारण है? जाँच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.