सुकमा (डेस्क) – गुरुवार की रात सुकमा मुख्यालय में हुई एक दुस्साहसिक डकैती की कोशिश को सुकमा पुलिस ने मात्र तीन घंटे के ‘पाताल-खोज’ ऑपरेशन में पूरी तरह विफल कर दिया. पुलिस ने इस वारदात के पीछे के मास्टरमाइंड समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और लूटे गए 12.08 लाख रुपए मूल्य के सभी आभूषण, हथियार, और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है.

घटना का घटनाक्रम

​रात करीब 8:30 बजे, मेन रोड स्थित दुर्गा ज्वेलर्स में दो नकाबपोश युवक पिस्टल और चाकू के साथ घुसे और दुकान संचालक को धमकाते हुए आभूषण लूटने लगे. संचालक की बहादुरी और स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक आरोपी मौके पर ही पकड़ा गया, जबकि दूसरा आरोपी भाग निकला.

एसपी की मॉनिटरिंग और त्वरित एक्शन

​घटना की जानकारी मिलते ही एसपी किरण चव्हाण तुरंत एक्शन में आए. उन्होंने मौके पर पहुँचकर जिलेभर में नाकेबंदी और सघन चेकिंग के आदेश दिए. कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग की जा रही थी. विशेष पुलिस टीमों ने बिना समय गंवाए फरार आरोपी की तलाश शुरू की.

3 घण्टे में पर्दाफाश : ‘मास्टरमाइंड’ भी गिरफ्तार

​पुलिस की तेज कार्रवाई का परिणाम यह हुआ कि मात्र 3 घंटे के भीतर ही फरार आरोपी को भी हथियार सहित पकड़ लिया गया. पूछताछ में पता चला कि इस लूट का मास्टरमाइंड अंकित सरकार है, जो गांजा तस्करी जैसे आपराधिक इतिहास रखता है.
​अंकित ने लूट की योजना अपने किराए के कमरे में बनाई थी और भिंड, मध्यप्रदेश से अपने दो साथियों कोमल सिंह और आर्यन रैपुरिया को सुकमा बुलाया था. इन तीनों ने मिलकर लूट से पहले तीन दिनों तक दुकान की रेकी की थी. मास्टरमाइंड अंकित लूट की रात पुलिस मूवमेंट पर नजर रख रहा था और अपने साथियों को भागने में मदद करने वाला था, लेकिन पुलिस की त्वरित रणनीति ने उनकी पूरी योजना को ध्वस्त कर दिया.

जब्ती और कानूनी कार्रवाई

​एएसपी रोहित शाह, एसडीओपी परमेश्वर तिलकवार, डीएसपी रविकांत सहारे और नक्सल/साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस ने सभी आरोपियों से लूटे गए आभूषण, पिस्टल, चाकू, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed