जगदलपुर (डेस्क) – छत्तीसगढ़ में ज़मीन की सरकारी दरों (नई गाइडलाइन) में की गई भारी वृद्धि को लेकर राजनीति गरमा गई है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने आज (शनिवार) जगदलपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सरकार पर ज़ोरदार हमला बोला. उन्होंने सरकार के इस फैसले को “तुगलकी फरमान” बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की है.
4 गुना रेट बढ़ाकर गरीबों को लूटना चाहती है सरकार : बैज
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा दी गई 30% छूट को खत्म कर दिया है और अब ज़मीन के रेट में 4 गुना तक की वृद्धि कर दी है.
दीपक बैज ने कहा: “इस वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्गीय परिवार, और ज़मीन के छोटे कारोबारी पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगे. ज़मीन खरीद पाना उनके लिए केवल एक सपना बन कर रह जाएगा. सरकार की नियत और नीति समझ से परे है.”
‘काली कमाई’ को सफेद करने का षणयंत्र
दीपक बैज ने सरकार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि यह वृद्धि नेताओं के व्यक्तिगत फायदे के लिए की गई है.
दीपक बैज का सीधा आरोप : “सरकार ने अपने दो सालों की ‘काली कमाई’ और भ्रष्टाचार के पैसे को बड़े पैमाने पर ज़मीन में लगाया है. अब उस काली कमाई को सफेद करने और अपना मुनाफा कमाने के लिए यह रेट बढ़ाया गया है. यह आम जनता को उनकी गाढ़ी कमाई लूटने जैसा है.”
उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा के नेताओं और मंत्रियों ने इन दो सालों में रायपुर और नवा रायपुर के आसपास सैकड़ों एकड़ (300 एकड़, 275 एकड़) ज़मीन खरीदने के लिए पैसा कहाँ से जुटाया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद CM का पुतला दहन और नारेबाजी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद, बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने अपना विरोध प्रदर्शन तेज़ कर दिया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और ज़ोरदार नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए. उन्होंने ज़मीन के बढ़े हुए रेट तत्काल कम करने और नई गाइडलाइन संबंधी आदेश को वापस लेने की मांग की. कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह फैसला वापस नहीं लिया, तो विरोध प्रदर्शन पूरे प्रदेश में और उग्र होगा.
कांग्रेस की चेतावनी
दीपक बैज ने सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “यह बढ़ी हुई दरें आम जनता के हित में नहीं हैं. सरकार इस गाइडलाइन को तत्काल वापस ले और रेट कम करे.”
”यदि सरकार ने ऐसा नहीं किया, तो एसआईआर खत्म होने के बाद 4 दिसंबर के बाद कांग्रेस पूरे प्रदेश स्तर पर बड़ा प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेगी.”