जगदलपुर (डेस्क) – छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के सुदूर ग्रामों—मुंडागांव, मांदलापाल और कुँगारपाल में एक अनूठी मिसाल पेश की है. समस्याओं को अधिकारियों के माध्यम से जानने के बजाय, मंत्री केदार कश्यप ने खुद गांव-गांव पहुंचकर न सिर्फ जनता से सीधा संवाद किया, बल्कि मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) कार्य के फॉर्म भी अपने हाथों से भरे.
जानकारियों के अभाव में नही भटकेंगे ग्रामीण
मंत्री केदार कश्यप ने ‘एसआईआर’ कार्य का स्थल निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाएं व्यवस्थित रूप से धरातल पर दिखनी चाहिए और कार्यों में तेजी लाई जाए. समीक्षा के तुरंत बाद, उन्होंने सबसे खास कदम उठाया. ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद, मंत्री केदार कश्यप खुद उनके बीच बैठकर एसआईआर से जुड़े फॉर्म भरने लगे.

मंत्री केदार कश्यप ने कहा, “सरकार का उद्देश्य है कि सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ सीधे जनता तक पहुंचे. किसी भी गरीब, बुजुर्ग या अशिक्षित व्यक्ति को जानकारियों के अभाव में भटकना न पड़े. हम ग्रामीण क्षेत्रों में ही हर एक समस्या का समाधान करेंगे.”
जनता में बढ़ा सरकार के प्रति भरोसा

मंत्री के इस सीधे और संवेदनशील व्यवहार की क्षेत्र के लोगों ने जमकर सराहना की. बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने मंत्री से अपने फॉर्म भरवाए. एक ग्रामीण ने संतोष जताते हुए कहा कि “यह पहली बार है कि कोई मंत्री खुद फॉर्म भरने बैठे हैं.” ग्रामीणों का कहना है कि मंत्री के इस कदम से आम लोगों में सरकार और प्रशासन के प्रति भरोसा और भी अधिक मजबूत हुआ है.
विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद
क्षेत्र निरीक्षण के दौरान, मंत्री ने चल रहे कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और ग्रामवासियों की संतुष्टि का बारीकी से मूल्यांकन किया. उनके निर्देशों और सीधी बातचीत के बाद उम्मीद जगी है कि मुंडागांव, मांदलापाल और कुँगारपाल में विकास कार्य और तेजी से आगे बढ़ेंगे तथा एसआईआर कार्य से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण होगा.
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दिवान, एसआईआर मंडल प्रभारी विजय पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और ग्रामीणजन मौजूद रहे.