जगदलपुर (डेस्क) – संविधान दिवस के अवसर पर जगदलपुर में जिला प्रशासन और संभागायुक्त कार्यालय द्वारा अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहाँ बस्तर सांसद महेश कश्यप और कमिश्नर डोमन सिंह ने अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मिलकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संवैधानिक मूल्यों को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया.
जिला कार्यालय में सांसद ने किया वाचन
जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है,” जो नागरिकों को अधिकारों के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है. उन्होंने सभी कर्मचारियों से न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की भावना को अपने कार्यों में सर्वोपरि रखने की अपील की. इस दौरान नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कलेक्टर हरिस एस, अपर कलेक्टर सीपी बघेल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे.
संभागायुक्त कार्यालय में सशक्त संविधान पर जोर
संभागायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में कमिश्नर डोमन सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया. कमिश्नर ने संविधान निर्माताओं के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय संविधान विश्व के सबसे सशक्त और समावेशी संविधानों में से एक है, जो राष्ट्र को एकता व अखंडता के सूत्र में पिरोता है. उन्होंने उपस्थित सभी कर्मचारियों से संवैधानिक मूल्यों का पालन करने का आग्रह किया. इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर बीएस सिदार एवं गीता रायस्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.
मूल भावना के अनुरूप कार्य करने का संकल्प
दोनों ही स्थानों पर, संविधान वाचन के उपरांत उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूल भावनाओं के अनुरूप अपने कार्यों और आचरण में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को उतारने का सामूहिक संकल्प लिया.