जगदलपुर (डेस्क) – नशे के सौदागरों के खिलाफ बस्तर पुलिस ने जबरदस्त कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय सप्लाई चैन को ध्वस्त कर दिया है. बोधघाट थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और इंजेक्शन की बिक्री करने वाले एक स्थानीय आरोपी और उसे सप्लाई करने वाले ओडिशा स्थित एक मेडिकल स्टोर के संचालक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इस सनसनीखेज कार्रवाई से ड्रग्स कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है. ​

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 1,776 ट्रामाडोल कैप्सूल और 190 पेंटाजोसिन इंजेक्शन एम्पुल (Pentazocine) जब्त किए हैं, जिसकी अनुमानित कीमत ₹23,705/- है. दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

ऐसे टूटा काला नेटवर्क

​पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में बस्तर पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली. थाना बोधघाट को बीते 22 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि इंडस्ट्रियल एरिया में एक व्यक्ति नशीली दवाएं बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है.

पहली गिरफ्तारी : थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और धरमसिंग साहू (निवासी पनारा पारा) को पकड़ा. धरमसिंग के पास से 600 नग ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए गए. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह यह खेप ओडिशा के कोरापुट जिले में अम्बागुडा स्थित ‘तूफान मेडिकल’ के संचालक से खरीदकर लाया था.

सप्लायर गिरफ्तार : धरमसिंग की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए मुख्य सप्लायर शेख मोहम्मद हसन ( निवासी जयपुर अम्बागुडा, ओडिशा) को दबोच लिया. हसन ने जुर्म कबूल करते हुए अपने पास रखी 1,176 नग ट्रामाडोल कैप्सूल और 190 Pentazocine इंजेक्शन की पूरी खेप पेश कर दी, जिसे जब्त कर लिया गया.

फिलहाल ​गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed