जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले में अवैध शराब तस्करों के अंतर्राज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पुलिस ने एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने लगभग ₹13 लाख मूल्य की अवैध शराब और पिकअप वाहन जब्त किया है. हालांकि, लंबी पीछा करने के बावजूद, शातिर तस्कर रात के घने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

100 पेटियां गोआ व्हिस्की जब्त

​घटना बड़ांजी थाना क्षेत्र की है, जहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था. विश्वसनीय सूत्रों से पुलिस को सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश राज्य से निर्मित भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब अवैध रूप से बिक्री के लिए लाई जा रही है.

​तत्काल एक विशेष टीम ने टकरा गुड़ा-बेलर रोड पर घेराबंदी की. इस दौरान एक बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन (CG 17 LA 9565) संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया. पुलिस को देखते ही तस्करों ने वाहन को वापस मोड़ा और भागने की कोशिश की.

रोमांचक पीछा और अंधेरे का फायदा

​पुलिस टीम ने तुरंत वाहन का पीछा किया. इस रोमांचक ड्रामे के बाद, तस्करों ने सुनसान सड़क पर वाहन खड़ा किया और रात के घने अंधेरे और जंगल के रास्तों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. ​जब वाहन की तलाशी ली गई तो पुलिस टीम भी हैरान रह गई. वाहन के अंदर से मध्य प्रदेश निर्मित ‘गोवा व्हिस्की’ की पूरी 100 पेटियां भरी हुई थीं.

​जब्त शराब की कीमत ₹6,40,000/- (900 बल्क लीटर) आंकी गई है. वहीं जब्त वाहन का मूल्य ₹7,00,000/- बताया गया है.

​पुलिस ने इस पूरी खेप को जब्त कर लिया है और अज्ञात फरार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. बताया गया कि पुलिस के द्वारा आरोपियों की पहचान के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही इस बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed