जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने एक बार फिर नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार किया है. पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस लगातार नशे के अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है. इसी कड़ी में, बोधघाट पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने का घिनौना काम कर रहे थे.
पुलिस को जानकारी मिली थी कि बस स्टैंड के पीछे दो संदिग्ध व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं. सूचना मिलते ही, बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक विशेष टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें घेराबंदी कर धर दबोचा.
आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक थैले में रखी हुई 232 नग Pyeevon spas plus Dicyclomine Hcl Tramadol Hcl Acetaminophen कैप्सूल बरामद हुईं, जिनकी कीमत हजारों में बताई जा रही है. इन नशीली दवाओं का उपयोग युवा वर्ग में तेजी से बढ़ रहा है, और पुलिस की यह कार्रवाई इस खतरनाक ट्रेंड पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता है.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हेमराज नाग (30) और आकाश उर्फ यूनुस ठाकुर (19) के रूप में हुई है. दोनों आरोपी दंतेश्वरी वार्ड, जगदलपुर के निवासी हैं. पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.