जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले के निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में मरीजों से बार-बार परामर्श शुल्क वसूले जाने की शिकायत पर, जिला युवा कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है. जिला युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है. इसमें तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है.

क्या है मामला ?

​युवा कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश के कई निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में मरीजों से हर बार नया परामर्श शुल्क लिया जाता है. जबकि, नियमानुसार यह शुल्क 7 से 10 दिनों तक मान्य होना चाहिए. इस तरह की व्यवस्था से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है. युवा कांग्रेस ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं की मूल भावना के खिलाफ बताया है.

युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें :

शुल्क में एकरूपता : सभी निजी अस्पतालों और संस्थानों में परामर्श शुल्क की दरें एक जैसी की जाएं.

अवधि तय हो : परामर्श शुल्क को एक निश्चित अवधि के लिए मान्य रखने का आदेश जारी किया जाए.

कड़ी कार्यवाही : बार-बार अवैध शुल्क वसूलने वाले डॉक्टरों और संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

​युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द ही कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे. इस आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होगी.
​इस दौरान युवा कांग्रेस के जिला सचिव विजय भारती, कृष्णा उपाध्याय और समीर कुरैशी भी मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed