सुकमा (डेस्क) – जिले के कई अंदरूनी इलाकों में आज भी सड़क और पुलिया के अभाव में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पोलमपल्ली से पालामड़गु – अरमपल्ली मार्ग पर आवागमन की स्थिति बेहद खराब है. यहां ग्रामीणों को अब भी नदी – नाले पार कर जीवनयापन करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीज, गर्भवती महिला या आपातकालीन स्थिति में ग्रामीणों को चारपाई पर उठाकर नदी पार कर अस्पताल या अन्य जगह ले जाना पड़ता है. बरसात के दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है, जब नदी – नाले उफान पर रहते हैं और जान जोखिम में डालकर ग्रामीणों को मजबूरी में रास्ता पार करना पड़ता है. कई बार ऐसी परिस्थितियों में जानलेवा हादसे भी सामने आ चुके हैं.
स्थिति यह है कि बुनियादी सुविधाओं से वंचित इन गांवों के लोग विकास की मुख्यधारा से अब भी कोसों दूर हैं. आधुनिक सुविधाओं और सरकार की योजनाओं के बावजूद सुकमा के अंदरूनी गांवों तक सड़क और पुल जैसी मूलभूत सुविधा नवो पहुंच पाना, प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है. ग्रामीणों ने एक बार फिर अपील की है कि जल्द से जल्द सड़क और पुल निर्माण कर इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए.
वहीं प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व सरकार में मुख्यमंत्री रहे भूपेश बघेल ने इस गांव में पुल बनाने की घोषणा की थी. लेकिन इसके बावजूद अब तक यहां पुल नही बन सका है. जिसके कारण बारिश के दिनों में नदी – नाले ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है.