जगदलपुर (डेस्क) – “टेक बैक योर प्रोपर्टी” अभियान के तहत आज गुरुवार को बस्तर पुलिस के द्वारा 200 से ज्यादा मोबाइल धारकों को उनके गुम हुए मोबाइल फ़ोन को रिकवर कर उनको सौंपा गया है. इसके साथ ही बस्तर पुलिस ने मोबाइल फ़ोन गुम या चोरी हो जाने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने और सायबर क्राइम से बचने और जागरूक रहने के लिए आवश्यक जानकारी भी साझा की है.
बस्तर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में पुलिस के द्वारा एक ओर सायबर क्राइम के खिलाफ लगातार कार्यवाही की जा रही है. वहीं दूसरी तरफ आम लोगों की सुविधा के मद्देनजर “टेक बैक योर प्रॉपर्टी” अभियान भी पुलिस के द्वारा चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत पुलिस के द्वारा जिले में गुम मोबाइल फ़ोन को CEIR पोर्टल के जरिये ट्रैक किया जा रहा है. इसी क्रम में बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर आजादी के महोत्सव के अवसर पर सायबर सेल के द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पूर्व में गुम हुए या चोरी किये गए लगभग 233 मोबाइल फ़ोन को रिकवर कर आज उनके धारकों को सौंप दिया गया है. फ़ोन वापस मिलने पर प्रार्थियों ने खुशी जाहिर की है.

मोबाइल फ़ोन गुम या चोरी हो जाने पर सबसे पहले करें ये काम
बस्तर पुलिस ने मोबाइल फ़ोन गुम या चोरी हो जाने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने के लिए आवश्यक जानकारी साझा की है. बस्तर पुलिस ने बताया कि मोबाइल फ़ोन गुम या चोरी हो जाने की स्थिति में प्रार्थी अपनी शिकायत नेशनल हेल्पलाइन पोर्टल CEIR में दर्ज कर तत्काल IMEI (आईएमईआई) को ब्लॉक कर सकते है. इसके साथ ही टेलीकॉम कंपनी से सम्पर्क कर सिम कार्ड को भी बंद कराने की सलाह दी है. शिकायत दर्ज होने के बाद प्रार्थी को शिकायत आवेदन को सम्बन्धित थाने में जमा करना भी आवश्यक है. वहीं बस्तर पुलिस ने सायबर क्राइम से बचने और जागरूक रहने की भी सलाह दी है.
आवश्यक जानकारी
इसके साथ ही बस्तर पुलिस ने बताया है कि पुलिस के द्वारा प्रार्थी का गुम या चोरी हुआ मोबाइल रिकवर करने के बाद सम्बन्धित थाने से प्रार्थी को सम्पर्क किया जाएगा. सम्पर्क करने के बाद प्रार्थी को शिकायत आवेदन की कॉपी, आधार कार्ड का फोटोकॉपी, मोबाइल फ़ोन का बिल का फोटोकॉपी यदि नही है तो मोबाइल फोन का डिब्बा लेकर सम्बन्धित थाने को सूचना देना आवश्यक है.