सुकमा (डेस्क) – नक्सलियों द्वारा घोषित शहीदी सप्ताह के बीच सुकमा जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच आज मंगलवार सुबह भीषण मुठभेड़ हुई है. यह मुठभेड़ उस वक्त शुरू हुई जब डीआरजी, सीआरपीएफ और एसटीएफ के संयुक्त बलों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज किया है.
बताया जा रहा है कि आज सुबह से ही क्षेत्र में लगातार गोलियों की आवाज़ गूंजती रही है. सुरक्षा बलों ने पहाड़ी इलाकों में माओवादियों को चारों ओर से घेर लिया है. मुठभेड़ अब भी जारी है और पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है. आस – पास के गांवों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि नक्सली किसी भी दिशा में भागने न पाएँ.
मुठभेड़ की पुष्टि डीएसपी नक्सल ऑपरेशन मनीष रात्रे ने की है. उन्होंने बताया कि जवानों ने बेहद सूझबूझ और बहादुरी से मोर्चा संभाला है और ऑपरेशन लगातार जारी है. सुरक्षा बलों द्वारा शहीदी सप्ताह के मद्देनज़र शुरू किए गए सघन सर्च ऑपरेशन के चलते नक्सलियों की साजिश एक बार फिर नाकाम होती दिख रही है.
जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों द्वारा किये गए आईईडी बम विस्फोट की चपेट में आने से दो जवान घायल हो गए. दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है.
बता दें कि बस्तर में माओवादियों के द्वारा 28 जुलाई से 3 अगस्त तक शहीदी सप्ताह मनाया जा रहा है. जिसके मद्देनजर सुरक्षाबलों के द्वारा बस्तर संभाग के सभी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.