सुकमा (डेस्क) – छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव दुर्गेश राय ने सुकमा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी है. उक्त प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने स्वास्थ्य सम्बन्धित सवाल उठाते हुए कहा कि सुकमा जिले के जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था के कारण आम जन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जिले में डॉक्टरों की कमी और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है.
सुविधाओं के अभाव के चलते आदिवासियों को हो रही परेशानी
प्रदेश सचिव दुर्गेश ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है. समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीजों की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है.
जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की कमी
दुर्गेश राय ने जिला अस्पताल में डाक्टरों की कमी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की कमी के कारण दुर्घटना में घायल हुए मरीजों का इलाज नहीं हो पा रहा है. उन्हें मजबूरन निजी अस्पतालों में जाना पड़ता है, जहां उन्हें अधिक पैसे खर्च करने पड़ते हैं.
निजी पैथोलॉजी लैब में जांच कराने को मजबूर मरीज
जिला अस्पताल में खून जांच की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को निजी पैथोलॉजी लैब में जांच करानी पड़ती है, जिससे उन्हें हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं. कई ग्रामीण पैसा और आवागमन की असुविधा के कारण इलाज नहीं करा पाते हैं.
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव दुर्गेश ने चेतावनी दी है कि अगर 15 दिनों के अंदर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा. पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता और मंत्री सुकमा जिले की जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं. सुकमा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जिला प्रशासन को तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है. डॉक्टरों की कमी को पूरा करने और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने से मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा और उनकी जान बचाई जा सकेगी.