जगदलपुर (डेस्क) – शहर के कोतवाली थाना के सामने स्थित व्यावसायिक काम्प्लेक्स में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर नगर निगम महापौर संजय पाण्डे के द्वारा कांग्रेस पार्टी पर लगाये गए आरोप पर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी है.

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा है कि महापौर संजय पाण्डे ने अपने शपथ ग्रहण से लेकर आज तक इस शहर की जनता को सिर्फ झूठ के सिवाय कुछ नही दिया है. उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि अगर यह मामला कांग्रेस द्वारा उपजाया हुआ अफवाह था तो लगभग 8 से 10 दिन पहले क्या महापौर इस विषय पर बोलने के लिए किसी प्रकार की कोई मजबूरी से बंधे हुए थे. अगर ऐसा था तो उन्हें तुरंत अपना बयान जारी कर शहर की जनता को बताना चाहिए था. उन्होंने कहा कि जबकि सच्चाई यह कि नगर निगम के स्पीकर खेमसिंह देवांगन खुद जाकर वहां के व्यापारियों से शराब दुकान खोलने के लिए सहमति के रूप में हस्ताक्षकर लिए है. उन्होंने कहा कि जिसकी पुष्टि करने के बाद उन्होंने मीडिया और ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर और आयुक्त को इस मामले से अवगत कराया है. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कांग्रेस सरकार में वहां प्रीमियम शराब दुकान खोलने का प्रस्ताव नगर निगम की सामान्य सभा में पारित हुआ था. जिसके बाद कांग्रेस पार्टी के ही तत्कालीन जगदलपुर विधायक रेखचन्द जैन ने तत्कालीन सीएम भूपेश बघेल को फ़ोन में जनभावनाओं के अनुरूप वहां शराब दुकान खोलने का विरोध किया था. जब जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचन्द जैन ने इस शराब दुकान का विरोध किया और उसे तत्काल रुकवाने की बात कही तब उसके दूसरे दिन भाजपा के लोगों की नींद खुली थी. खासकर महापौर की क्योंकि वह मामला नगर निगम के सामान्य सभा से पारित होकर आया था. उस दौरान नेता प्रतिपक्ष के रूप में संजय पाण्डे वहां रहे. राजेश चौधरी ने कहा कि भले ही आज महापौर संजय पाण्डे झूठ का सहारा ले रहे है. लेकिन वास्तविकता यही है कि जिस दिन नगर निगम के स्पीकर वहां व्यापारियों के हस्ताक्षकर लेने गए थे, उसी समय उन्हें इसकी जानकारी मिल गई थी. उन्हें कुछ व्यापारियों ने बताया कि उन्हें कोई जानकारी नही थी और उन्होंने हस्ताक्षकर कर दिए. राजेश चौधरी ने महापौर को स्वयं वहां जाकर इसकी पुष्टि करने की भी बात कही है. उन्होंने कहा कि महापौर जब भी वहां जाएं तो जरूरी हो तो उन्हें भी बुलाएं. ताकि सच्चाई शहर की जनता के सामने आ सके. उन्होंने आगे कहा कि उनके विरोध के बाद जब शहरवासियों, गणमान्य नागरिकों और व्यापारी संगठनों ने भी शराब दुकान का विरोध किया तब महापौर को खुद को साफ सुथरा साबित करने के लिए यह बयान जारी करना पड़ा है. उन्होंने कहा कि जिन्होंने भी प्रीमियम शराब दुकान का विरोध किया है वह सब स्वयं जानते है कि आबाकरी विभाग के कर्मचारी और नगर निगम के स्पीकर ने जाकर वहां हस्ताक्षकर लिए है. भले ही महापौर अब कुछ भी बातें बोलकर इस मामले से बचना चाहते होंगे. परंतु शहर की जनता सब जान रही है. उन्होंने कहा कि वह मीडिया के माध्यम से महापौर को बताना चाहते है कि शहर की जनता ने उन्हें जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करने के लिए चुना है, ना कि कांग्रेस पार्टी को कोसने और झूठ बोलकर जनता के कामों से बचने के लिए चुना है. राजेश चौधरी ने कहा कि महापौर यह भी बता दें कि शहर के प्रत्येक वार्डों में ज्यादातर स्ट्रीट लाइटें बंद है. क्या यह भी कांग्रेस पार्टी के द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है या उन्हें जानकारी भी है कि शहर अंधेरे में डूब चुका है. शहर के सभी वार्डों से इसे लेकर भी शिकायतें मिल रही है. लेकिन महापौर फ़ोटो खिंचवाने में व्यस्त और मस्त है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed