जगदलपुर (डेस्क) – बालक आश्रम अधीक्षक के सुने घर को बीते सोमवार की रात अज्ञात चोर ने अपना निशाना बनाया है. अज्ञात चोर ने अधीक्षक के सुने घर से नगद रुपयों के साथ सोने – चांदी के जेवरातों पर भी अपना हाथ साफ कर दिया है. चोरी की इस वारदात को लेकर अधीक्षक की पत्नी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है.सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी लक्ष्मी गावड़े कोड़ेनार थाना क्षेत्र के ग्राम तिरथुम में स्थित स्कूल पारा में रहती है. प्रार्थी लक्ष्मी गावड़े के पति ग्राम तिरथुम के बालक आश्रम में अधीक्षक के पद पर पदस्थ है. घर के बाजू घर में ही प्रार्थी का देवर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता है. सूत्रों के अनुसार बीते शनिवार को घर में ताला लगाकर लक्ष्मी गावड़े अपने पति और बेटी के साथ किसी निजी काम से अपनी दीदी – जीजा के घर पखांजुर चली गई थी. अगले दिन रविवार की रात करीबन 8:30 बजे देवर ने लक्ष्मी के पति को फ़ोन पर घर में सब ठीक होने की बात कही. इसके बाद अगले दिन सोमवार की तड़के सुबह करीबन 6:30 देवरानी ने फ़ोन कर लक्ष्मी को बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है. इसके साथ ही घर के अंदर रखा हुआ अलमारी भी खुला हुआ है, वहीं सामान भी बिखरा पड़ा हुआ है. देवरानी से घटना की जानकारी फ़ोन में मिलते ही लक्ष्मी अपने परिवार के साथ घर वापस आ गई. वापस आने के बाद लक्ष्मी ने देखा कि घर के बाहर लगा ताला टूटा हुआ है. लेकिन घर के अंदर का सामान जैसा था वैसा ही रखा हुआ है. इसके बाद लक्ष्मी अपने घर के बेडरूम में पहुंची, यहां उसने देखा कि बेडरूम में रखा अलमारी और उसका लॉकर खुला हुआ है. लॉकर में रखा 80 हजार रुपये नगद, 3 जोड़ी सोने के कान के झुमके, सोने के दो मंगलसूत्र और चांदी के 2 जोड़ी पायल गायब है. जिसकी कुल कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई. इसके बाद पीड़िता ने घटना से आहत होकर ने इस मामले को लेकर अज्ञात चोर के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है. वहीं कोड़ेनार टीआई ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस के द्वारा मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है.