जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). जिले में आदिवासी जमीन की फर्जी खरीद फरोख्त के एक मामले में पुलिस ने जमीन दलालों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है. पुलिस ने इस मामले में 7 जमीन दलालों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार बोधघाट थाना क्षेत्र अघनपुर में शंकर नाग (63) के नाम पर एक जमीन दर्ज है. कुछ दिनों पहले शंकर किसी निजी काम से अपनी ऋण पुस्तिका (किसान किताब) नम्बर 027638 की छायाप्रति लेकर हल्का पटवारी राजेश्वरी यादव के पास पहुंचा. इसके बाद पटवारी ने शंकर के दस्तावेजों की जांच की. जांच करने के बाद पटवारी ने शंकर को बताया कि अज्ञात लोगों ने फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार कर उसकी जमीन को बेच दिया है. पटवारी ने जमीन की रजिस्ट्री कागजात में लगा एक फोटो भी प्रार्थी को दिखाया. जिसे अज्ञात लोगों ने वहां चस्पा कर रखा था. इसके बाद शंकर ने उक्त फ़ोटो से सम्बंधित व्यक्ति की तलाश शुरू की. इस दौरान शंकर ने उक्त व्यक्ति को ढूंढ निकाला. वह फ़ोटो कांगोली निवासी जयसिंह बघेल की निकली. जिसने प्रार्थी के नाम से फर्जी आधार कार्ड और बैंक खाता तैयार कर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करवा चुका है. इसके बाद प्रार्थी ने इस मामले को लेकर बोधघाट थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया. रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस की एक विशेष टीम इस मामले की जांच में जुट गई. जांच के दौरान पुलिस की टीम ने आरोपी जयसिंह बघेल की तलाश शुरू की. जिसके बाद से ही जयसिंह बघेल पुलिस से छिपता फिर रहा था. लेकिन आखिरकार पुलिस ने जयसिंह को बीते 10 जनवरी को धर दबोचा. कड़ी पूछताछ में आरोपी जयसिंह बघेल ने पुलिस को बताया कि उसने गुड्डू श्रीवास्तव और जेवियर जॉन की मदद से बस्तर तहसील कार्यालय से जारी हुआ पुराना भू – पुस्तिका में शंकर नाग के नाम और भूमि के खसरा नम्बर चढ़ाकर फर्जी भू – पुस्तिका तैयार किया. इसके बाद कमल नाग के साथ मिलकर फर्जी आधार कार्ड तैयार किया. इसके बाद उसने इस पूरे साजिश की जानकारी इंदर राठी को दी. बैंक में रुपये ट्रांसफर करने के लिए गुड्डू श्रीवास्तव और जेवियर जॉन ने मिलकर तितिरगांव निवासी तुलसी ठाकुर को शंकर नाम के किसी भी एक व्यक्ति को खोजने के लिए कहा. जिसके बाद तुलसी ने तितिरगांव से ही शंकर बघेल नाम के व्यक्ति से सम्पर्क किया. तुलसी ने उसे बेवकूफ बनाते हुए कहा कि बैंक में उसका केसीसी एकाउंट खोलना है. ये शंकर इस तुलसी के झांसे में आ गया. इसके बाद आरोपियों ने शंकर के नाम से इंडसलैंड बैंक में खाता खुलवाया. जिसका अवैध रूप से रुपये निकालकने के लिए जेवियर जॉन और गुड्डू श्रीवास्तव ने उपयोग किया. जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस की टीम ने जेवियर जॉन (44) निवासी लाल चर्च, कमल नाग (40) निवासी आरापुर, इंदर राठी (45) निवासी वृंदावन कॉलोनी, प्रमेश उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव (50) निवासी पावर हाउस, तुलसी राम ठाकुर (45) निवासी तितिरगांव और मनीष सेठिया (27) निवासी तोकापाल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 318.4, 336, 338, 348, 61 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है.