जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के चित्रकोट के बांझी डोंगरी (साडरा), लामड़ागुड़ा सहित आसपास गांवों में तेंदुआ दिखने की सूचना मिली है. इसके साथ ही तेंदुए ने बीते 3 माह में आसपास गांव के लगभग 8 मवेशियों को घायल किया है, इससे लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के चित्रकोट के पास स्थित गांव के ग्रामीण दहशत में है. वन विभाग ने इस पर बांझी डोंगरी (साडरा) में एक तेंदुआ की मौजूदगी की पुष्टि की है. विभाग की ओर से क्षेत्र में किसी भी तरह की जनहानि को रोकने के लिए विभिन्न तरह से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.

फाइल वीडियो

चित्रकोट परिक्षेत्र के रेंजर प्रकाश ठाकुर ने बताया कि बीते 2 – 3 महीनों से एक तेंदुआ चित्रकोट के इलाके में विचरण कर रहा है. इस दौरान तेंदुए ने 7 – 8 मवेशियों को अपना शिकार भी बनाने की कोशिश की है. इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की एक टीम लगातार तेंदुए पर नजर रख रही है. इसके साथ ही वन विभाग की टीम के द्वारा इस इलाके में मुनादी, बैनर – पोस्टर और अन्य माध्यमों के द्वारा ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है. वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से शाम 4 बजे से सुबह 8 बजे तक पहाड़ी इलाके में नही जाने और अपने मवेशियों को सुरक्षित जगहों में बांधने की अपील की है. इसके साथ ही विभाग ने छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया है. वहीं रेंजर ने बताया कि चित्रकोट के ग्राम लामड़ागुड़ा के आसपास इलाके में इस तेंदुए की मौजूदगी के सबूत मिले है. रेंजर ने बताया कि वन विभाग के द्वारा उक्त क्षेत्र में तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए एक पिंजरा भी लगाया गया है. फिलहाल वन विभाग की टीम ने बिना किसी तरह के जनहानि के तेंदुए को बहुत जल्द ही सुरक्षित पकड़ने और उसे राष्ट्रीय कांगेर उद्यान में छोड़ने की उम्मीद जताई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed