सुनील कश्यप, सुकमा- जिले के अतिनक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सली मोर्चे पर तैनात सुरक्षा बल के जवान लगातार क्षेत्र के ग्रामीणों से मिलकर उनके दिलों में अपने लिए जगह बनाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. इसी कड़ी में सीआरपीएफ के 131 बटालियन ने पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के गोलकुंडा गांव में सिविक एक्शन कार्यक्रम आयोजित किया. जिसमें ग्रामीणों और बच्चों को जरूरतमंद सामग्री के साथ ही खेलकूद की सामग्री भी वितरण किया.
दरअसल सुकमा जिले के पोलमपल्ली थाना क्षेत्र का गोरगुण्डा गांव में कभी नक्सलियों की मौजूदगी रहा करती थी. इस इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी चौबीसों घंटे रहती थी. लेकिन जब से गोरगुण्डा में सीआरपीएफ का कैंप खोला गया है. तब से इस इलाके में नक्सली बैकफुट पर हैं. क्षेत्र में लगातार सीआरपीएफ के अधिकारी भ्रमण करते हुए ग्रामीणों की बैठक लेते हैं और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए भी योजनाएं तैयार करते हैं. जिसके कारण पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर संबंध स्थापित हुआ है. यही कारण है कि इस क्षेत्र में सिविक एक्शन का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए और सुरक्षाबलों के साथ उन्होंने एक दिन बिताया. और सीआरपीएफ ने उन्हें जरूरतमंद सामग्री के साथ ही खेल सामग्री का भी वितरण किया.

सीआरपीएफ 131 बटालियन के कमांडेंट अरुण कुमार ने इस अवसर पर कहा कि क्षेत्र के सभी ग्रामीण हमारा परिवार है और गांव हमारा घर है हम अपने परिवाररूपी सभी ग्रमीणों की सहायता और सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे और विकास कार्यों को करवाने और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने हमेशा आगे आकर भाग लेंगे.