दंतेवाड़ा (कवि सिन्हा)। महंगाई व जीएसटी के विरोध में आज जिला कांग्रेस द्वारा एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन व गिरफ्तारी देकर जमकर नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन से पूर्व मोदी सरकार के विरोध में रैली निकाली गई तत्पश्चात बस स्टैंड पहुँच जनसभा का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अवधेश गौतम ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, अग्नीपथ योजना, खाद्य वस्तुओं पर जीएसटी को लेकर का धरना प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी गई है। श्री गौतम ने कहा कि देश में महंगाई रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। पेट्रोल, एलपीजी से लेकर दालें, कुकिंग ऑयल जैसी जरूरी चीजों की बढ़ी कीमतों ने आम लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। पैकेज्ड अनाज, आटा, शहद, दही जैसी आवश्यक वस्तुओं पर अतार्किक ढंग से GST लगाने के कारण महंगाई और बढ़ी है। साथ ही देश में बेरोजगारी भी अप्रत्याशित रूप से आसमान छू रही है। गांवों में, शहरों में, संगठित क्षेत्र में, असंगठित क्षेत्र में हर जगह बेरोजगारी ने विकराल रूप धारण कर रखा है। देश ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों, औपचारिक और अनौपचारिक क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी देख रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा ने महिला कांग्रेस की टीम के मिलकर गैस सिलेंडर उठा कर मोदी सरकार को जमकर कोसा। तुलिका ने कहा कि मोदी के आठ साल बढ़ती महंगाई के लिए बेमिशाल रहे। मोदी सरकार के आठ सालों में खाने का तेल 80 रुपये किलो से 250 रुपये के करीब है। हर चीज में महंगाई इस तरह बढ़ाई गई है कि देश का आम नागरिक अपने जीवन यापन करने के लिए जी तोड़ कोशिश कर रहा है फिर भी महंगाई की मार से उबर नहीं पा रहा है। कमाई अठन्नाी और खर्चा रुपैया है। देश आज संकट काल से गुजर रहा है। अपनी अक्षमता को छुपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार तरह-तरह की योजनाएं बनाकर महंगाई से आम व्यक्ति के दिमाग को परिवर्तित करने के लिए उपाय निकाल रही है। जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदन से सड़क तक केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं रिकार्ड तोड़ महंगाई एवं बेरोजगारी के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही है। सुलोचना में कहा कि मोदी सरकार सिर्फ जनता को ठगना जानती है, उन्हें जनता की परेशानियों से कोई मतलब नहीं। कार्यक्रम में पहुँचे सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के विरोध में अपनी गिरफ्तारी दी। विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता वीरेन्द्र गुप्ता, सुभाष सुराना, पीएन उड़कुड़े, सलीम रजा उस्मानी, मनीष भटाचार्य, नारायण सिंह भदौरिया, जीएस कुमार, गंगू कश्यप, आर एन साए, संजय विश्वकर्मा, मनोज कौरव, सत्यभान सिंह जादौन, मुकुंद ठाकुर, भानु कर्मा, विवेक देवांगन, एन नागराज, टीजी स्वामी, आसिफ रजा, अजय मरकाम, सोहन भवानी, आकाश विश्वास, जितेंद्र कश्यप, राकेश कर्मा, विश्वनाथ विश्वकर्मा, राकेश मंडावी, पूजा साव, इंदिरा शर्मा, किरण जायसवाल, गीतांजलि कुशवाहा, इंद्रा ठाकुर, राधा नाग समेत अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed