चेतन कापेवार, बीजापुर। क्षेत्रीय विधायक विक्रम शाह मंडावी से राज्य युवा आयोग सदस्य अजय सिंह का टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरूवार को मुख्यमंत्री के कुटरू पहुंचने से पहले ही युवा आयोग सदस्य अजय सिंह ने जिले के कलेक्टर, एसपी, कुटरू एसडीओपी पर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने का आरोप लगाते हुए विधायक विक्रम को जिम्मेदार बताया।

सोशल मीडिया में अजय की तरफ से जारी बयान में साफ तौर पर कहते दिख रहे हैं कि गुरूवार को भेंट मुलाकात कार्यक्रम में शामिल होने कुटरू पहुंचे तो जिले के कलेक्टर, एसपी और एसडीओपी कुटरू ने उनसे वापस लौट जाने का निवेदन किया। कारण पूछने पर उपर से उन्हें आर्डर होने, सीएम हाउस से दबाव जैसी बात उनसे कही गई। अजय का कहना है कि उन्हें लगता है कि सीएम हाउस से दबाव जैसी बातें बेबुनियाद है। उन्हें और कोई नहीं बल्कि विधायक रोक रहे हैं। क्योंकि विधायक को कही ना कही इस बात का डर है कि सीएम से मिलकर पूरी वास्तविकता से अवगत करा देंगे, लिहाजा कार्यक्रम से उन्हें दूर रखने विधायक मंडावी ने अफसरों पर दबाव बनाया था।

अजय का कहना है कि वे राज्य युवा आयोग सदस्य की हैसियत से कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। प्रोटोकॉल के तहत् सूची में उनका नाम भी होना था, बावजूद उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया गया। अफसरों पर यह दबाव सीएम हाउस का नहीं बल्कि विधायक विक्रम मंडावी का है।

इधर इस पूरे मामले में जब हमने विधायक विक्रम मंडावी से फोन के माध्यम से बातचीत करनी चाही तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed