जगदलपुर (डेस्क) – ठगी के नए-नए तरीकों ने अब पुलिस और आम जनता दोनों को हैरान कर दिया है. छत्तीसगढ़ के किरन्दुल (दंतेवाड़ा) निवासी एक व्यापारी के साथ ‘कैंसिल’ चेक के जरिए हुई लाखों की धोखाधड़ी ने बैंकिंग सुरक्षा और शातिर अपराधियों की तकनीक पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. ठगों ने ऐसी चालाकी दिखाई कि खुद व्यापारी ने अपनी आंखों से चेक पर ‘Cancelled’ लिखते देखा, लेकिन कुछ ही घंटों में उसी चेक से पैसे निकल गए.
श्रीराम फाइनेंस का अधिकारी बनकर बिछाया जाल
किरन्दुल निवासी सरोज कुमार घोष, जिनकी धरमाऊर में पोल फैक्ट्री है, को एक अज्ञात नंबर से फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को ‘श्रीराम फाइनेंस’ का बड़ा अधिकारी आर.के. सिन्हा बताया. उसने 25 लाख रुपये के ‘ओवर ड्राफ्ट’ (OD) लोन का झांसा देकर व्यापारी को अपने जाल में फंसाया.
खुद अपनी कलम से लिखा ‘Cancelled’, फिर हुई ठगी
ठगी की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वेरिफिकेशन के लिए आए कुंदन शर्मा नाम के व्यक्ति ने व्यापारी के सामने ही बैंक चेक पर अपनी कलम से ‘Cancelled’ लिखा. सरोज कुमार को लगा कि कैंसिल चेक से कोई खतरा नहीं है, इसलिए उन्होंने भरोसा कर लिया. लेकिन जैसे ही ठग चेक लेकर फैक्ट्री से निकला, खेल शुरू हो गया.
क्या है वो ‘जादुई’ तकनीक ?
महज 3 घंटे के भीतर व्यापारी के मोबाइल पर 1,99,700 रुपये कटने का मैसेज आया. जब पीड़ित भागते हुए पंजाब नेशनल बैंक पहुँचा, तो वहां का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. ठगों ने किसी विशेष रसायन (Chemical) या तकनीक का इस्तेमाल कर चेक पर लिखे ‘Cancelled’ शब्द को पूरी तरह गायब कर दिया था और उसमें मोटी रकम भरकर संदीप कुमार शर्मा के नाम से नगद भुगतान ले लिया था.
पुलिस एक्शन में, जांच शुरू
पीड़ित सरोज कुमार घोष की शिकायत पर परपा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.