सुकमा (नवीन कश्यप) – कलेक्टर अमित कुमार ने शनिवार को विकासखंड कोंटा के दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों का सघन दौरा किया. दोरनापाल से लेकर जगरगुण्डा तक के इस मैदानी दौरे में कलेक्टर ने केवल फाइलों पर नहीं, बल्कि जमीन पर उतरकर स्वास्थ्य, सड़क और राशन वितरण की हकीकत देखी. उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

अस्पताल में मरीजों से सीधा संवाद, DBT के लिए ‘3 दिन’ का अल्टीमेटम

​सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोरनापाल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मानवतावादी दृष्टिकोण अपनाते हुए वार्डों में मरीजों से सीधे चर्चा की. उन्होंने ओपीडी, लेबर रूम और पैथोलॉजी का बारीकी से निरीक्षण किया.

सख्त निर्देश : गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि में देरी न हो, इसके लिए उन्होंने 3 दिनों के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज जमा कराकर DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित करने के आदेश दिए.

नाईट शिफ्ट : उन्होंने रात में ड्यूटी पर तैनात रहने वाले स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी ली और अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए.

जगरगुण्डा : राशन और आधार कार्ड पर ‘मिशन मोड’ में काम

​जगरगुण्डा के पीडीएस भवन में कलेक्टर ने राशन वितरण की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिए कि ई-केवाईसी का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि किसी भी गरीब का राशन न कटे. इसके साथ ही उन्होंने आधार कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को ‘युद्ध स्तर’ पर चलाने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय ग्रामीणों को पहचान पत्र के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित न होना पड़े.

विकास की रफ्तार : सड़क, पुल और धान खरीदी

​दोरनापाल-जगरगुण्डा मार्ग पर बन रहे पुल और सड़क को लेकर कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को दो टूक कहा कि कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं होगा. वहीं, जगरगुण्डा धान खरीदी केंद्र में उन्होंने बारदाने की उपलब्धता जांची और किसानों की सुविधा के लिए चबूतरा निर्माण के निर्देश दिए.

आंगनबाड़ी में बच्चों से आत्मीयता

​कलेक्टर ने जगरगुण्डा आंगनबाड़ी केंद्र पहुँचकर नन्हें बच्चों से बात की. उन्होंने बच्चों के पोषण आहार में निरंतरता बनाए रखने के लिए गैस रिफिलिंग की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए. साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए दवाओं का स्टॉक रखने और ग्रामीणों को मच्छरदानी उपयोग हेतु जागरूक करने को कहा.

​इस दौरे के दौरान एडिशनल एसपी रोहित शाह, एसडीएम कोंटा सुभाष शुक्ला सहित जिले के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed