जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. थाना कोड़ेनार अंतर्गत ग्राम बास्तानार के नाकापारा में बीते शुक्रवार की सुबह एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. मामूली पारिवारिक विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि आक्रोशित पुत्र ने चूल्हे से जलती हुई लकड़ी निकालकर पिता के सिर पर दे मारी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
विवाद की शुरुआत और खूनी अंत
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जोगो गावडे (50 वर्ष) शराब पीने का आदी था. घटना वाले दिन वह अपने छोटे बेटे सोहन को काम न करने और स्कूल न जाने की बात पर डांटते हुए मारपीट करने के लिए दौड़ रहा था. छोटे भाई और बहन को पिता के गुस्से से बचाने के लिए बड़ा बेटा असलू गावडे (20 वर्ष) बीच-बचाव करने आया.
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि असलू ने अपना आपा खो दिया और चिल्लाते हुए कहा, “आए दिन भाई-बहनों को मारते हो, आज तुम्हें जान से ही खत्म कर दूंगा.” इसी आवेश में उसने घर के आंगन में आग से जल रही एक भारी लकड़ी उठाई और पिता के सिर के दाहिने हिस्से पर जोरदार प्रहार कर दिया. हमला इतना घातक था कि लकड़ी के दो टुकड़े हो गए और जोगो गावडे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े.
अस्पताल में तोड़ा दम
परिजनों ने आनन-फानन में घायल जोगो को मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में भर्ती कराया, लेकिन बताया कि सिर पर गंभीर चोट और अंदरूनी रक्तस्राव होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. घटना के समय मृतक की पत्नी माटे गावडे बाजार गई हुई थी, जिन्हें फोन पर बेटे ने ही घटना की सूचना दी.
पुलिस की कार्रवाई
कोड़ेनार टीआई ने बताया कि पुलिस ने धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आरोपी असलू गावडे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं इस मामले में पुलिस के द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.