दंतेवाड़ा (डेस्क) – दंतेवाड़ा के बाजार क्षेत्र में आज दोपहर हुई सनसनीखेज वारदात के बाद अब इस मामले में बड़े खुलासे हुए हैं. सुकमा में पदस्थ जांबाज डीएसपी तोमेश वर्मा पर हुए हमले ने पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया है. आइए जानते हैं अब तक के बड़े अपडेट्स:

हमलावरों की हुई पहचान

​पुलिस हिरासत में लिए गए हमलावरों की पहचान हो गई है. मुख्य आरोपी रमाशंकर साहू (निवासी दुर्ग) और एक महिला राधा (परिवर्तित नाम) को गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि यह कोई आकस्मिक विवाद नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी.

रंजिश के पीछे ‘दुर्ग कोर्ट’ का वो केस

​जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि डीएसपी और इन आरोपियों के बीच दुर्ग जिला न्यायालय में एक लंबा विवाद चल रहा था. इसी साल सितंबर 2025 में इस प्रकरण में ‘दोषमुक्ति’ हुई थी. कोर्ट के उस फैसले से उपजी खुन्नस और पुरानी रंजिश के चलते ही दोनों आरोपियों ने दंतेवाड़ा पहुंचकर अफसर को निशाना बनाया.

अफसर की बहादुरी

​सूत्रों के अनुसार, हमला इतना भीषण था कि डीएसपी लहूलुहान हो गए थे. लेकिन बहादुरी की मिसाल पेश करते हुए, घायल हालत में भी उन्होंने आरोपी को भागने नहीं दिया. उन्होंने खुद अपनी पकड़ से हमलावर को दबोचा और पुलिस के हवाले करने के बाद ही अस्पताल के लिए रवाना हुए.

स्वास्थ्य अपडेट

​दंतेवाड़ा जिला अस्पताल से राहत भरी खबर आ रही है. डॉक्टरों की टीम ने पुष्टि की है कि डीएसपी तोमेश वर्मा का उपचार सफल रहा है और उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है. हालांकि, उन्हें अभी कड़ी निगरानी में रखा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed