दंतेवाड़ा (डेस्क) – छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे पुलिस महकमे और इलाके में सनसनी फैला दी है. शुक्रवार की दोपहर बाजार क्षेत्र उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब सुकमा में पदस्थ डीएसपी तोमेश वर्मा पर एक युवक और युवती ने अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

बाजार में मची अफरा-तफरी, अफसर ने दिखाई बहादुरी

​सूत्रों के मुताबिक, हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. लेकिन हैरानी और गर्व की बात यह रही कि गंभीर रूप से घायल होने और शरीर से खून बहने के बावजूद, जांबाज डीएसपी तोमेश वर्मा ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए भागने की कोशिश कर रहे हमलावर को खुद अपनी पकड़ में ले लिया और पुलिस के हवाले करने तक उसे नहीं छोड़ा.

पुरानी रंजिश की आंच : दुर्ग कोर्ट से जुड़ा है कनेक्शन

​शुरुआती छानबीन में जो चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, उसके अनुसार यह हमला किसी आतंकी या नक्सली साजिश का हिस्सा नहीं, बल्कि एक पुरानी रंजिश का नतीजा है. बताया जा रहा है कि हमलावर युवक-युवती का डीएसपी के साथ दुर्ग जिले की अदालत में कोई पुराना मामला चल रहा था. इसी खुन्नस में आरोपियों ने दंतेवाड़ा कोर्ट पहुंचे अफसर को निशाना बनाया.

अस्पताल में भर्ती

घायल जांबाज अफसर को तत्काल जिला अस्पताल दंतेवाड़ा ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है. वहीं हमलावर युवक और युवती दोनों दंतेवाड़ा पुलिस की गिरफ्त में हैं. पुलिस उनसे कड़ी पूछताछ कर रही है कि आखिर इस दुस्साहस के पीछे की पूरी कहानी क्या है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed