सुकमा (डेस्क) – सीआरपीएफ 131 बटालियन के कमांडेंट के दिशा – निर्देशन पर आज सोमवार को मेटागुडेम – ईरापल्ली (न्यू एफ.ओ.बी.) कैंप में सीआरपीएफ द्वारा फ्री मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया. इस आयोजन में डी/131 बटालियन के सहायक कमाण्डेंट आनन्द कुमार त्रिपाठी और ए/131 बटालियन के सहायक कमाण्डेंट मुकुंद सिंह की उपस्थिति रही. कैम्प में क्षेत्र के ग्राम मेटागुडेम, ईरापल्ली, बोटेटांग और बोटेलंका से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे.

चिकित्सा अधिकारी मोहित मीना (सहायक कमाण्डेंट, 131 बटालियन) के नेतृत्व में ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं. साथ ही मलेरिया जैसे बीमारियों से बचाव के उपाय भी समझाए गए और समय पर इलाज की सलाह दी गई. कैम्प के दौरान ग्रामीणों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्हें विशेष राहत मिली.

ज्ञात हो कि मेटागुडेम – ईरापल्ली क्षेत्र लंबे समय से नक्सल प्रभावित रहा है, लेकिन अब यहां के लोग मुख्यधारा से जुड़ने को प्राथमिकता दे रहे हैं. सुरक्षाबलों की सक्रिय मौजूदगी से न सिर्फ गांवों में शांति और विश्वास का माहौल बना है, बल्कि ग्रामीणों और जवानों के बीच आत्मीय संबंध भी विकसित हुए हैं.
सीआरपीएफ 131 बटालियन की डी और ए कंपनियां इस क्षेत्र में लगातार सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों की मदद कर रही हैं. जवानों का मानना है कि यह गांव उनका परिवार है और हर परिस्थिति में ग्रामीणों की सेवा और सुरक्षा के लिए वे तत्पर रहेंगे.