जगदलपुर (डेस्क) – जिले में यातायात व्यवस्था को बनाये रखने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग की जॉइंट टीम के द्वारा बीते चार दिनों से लगातार कार्यवाही की जा रही है. इसी क्रम में बीते चार दिनों में पुलिस और परिवहन विभाग की जॉइंट टीम ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले सैकड़ों वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्यवाही की है.

मिली जानकारी के अनुसार जिले में बीते दिन हुए सड़क हादसों को गम्भीरता से लेते हुए बस्तर एसपी शलभ सिन्हा और एएसपी महेश्वर नाग के मार्गदर्शन में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बीते 14 जुलाई से लगातार कार्यवाही की जा रही है. इस कार्यवाही में वाहनों में बहुरंगी लाइट लगाकर तेज रोशनी और तेज आवाज वाले हॉर्न लगाकर तेज रफ्तार से चलने वाले बसों और ट्रक चालकों के खिलाफ पुलिस और परिवहन विभाग की जॉइंट टीम के द्वारा कार्यवाही की गई है. बताया गया कि एनएच 30 और एनएच 63 में स्थित आमागुड़ा चौक, आसना चौक, केशलूर चौक, एनएमडीसी चौक सहित अन्य जगहों पर बसों और ट्रकों के साथ अन्य कमर्शियल वाहनों की चेकिंग की गई. चेकिंग के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करते हुए सड़कों में सरपट दौड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही की गई है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीते 14 जुलाई से बीते कल गुरुवार तक स्पीड गवर्नर के 21 मामले, बहुरंगी लाइट / तेज रोशनी के 23, प्रेशर हॉर्न के 15, ओवर स्पीड के 19, बिना सीट बेल्ट के 34, शीशे पर ब्लैक फ़िल्म के 2 के साथ ही अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने के लगभग 140 मामलों सहित कुल 256 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है. इस कार्यवाही में 62 बसें और ट्रकें भी शामिल है. बताया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही जारी रहेगी.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोटरयान नियम में यह स्पष्ट प्रावधान है कि प्रत्येक कमर्शियल वाहन जैसे यात्री परिवहन बस, ट्रक या अन्य कमर्शियल वाहन में स्पीड गवर्नर लगाना अनिवार्य है. जिससे सड़क पर वाहन की गति एक निर्धारित गति सीमा से आगे न बढ़ सके. तेज गति के कारण ही सड़क दुर्घटना की संभावना बनी रहती है. इसलिए बस्तर एसपी ने आम जनता से सड़क पर चलते समय हमेशा यातायात नियमों का पालन करने और सजग रहने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि सुरक्षित सफर ही सुरक्षित जीवन का आधार है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed