जगदलपुर. झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय में प्रथम वर्ष के नव प्रवेशित छात्रों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम के तहत एक प्रेरणादायक उद्बोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में बस्तर के एस.पी. शलभ कुमार सिन्हा, डी.एस.पी. (रेडियो) विवेक राठौर और डी.एस.पी. (सायबर) गीतिका साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.

जीवन के प्रत्येक क्षण का आनंद लें : एस.पी. शलभ कुमार सिन्हा

मुख्य अतिथि शलभ कुमार सिन्हा ने छात्रों को संबोधित करते हुए जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य तय कर, उसे मेहनत और समर्पण से प्राप्त करने का संदेश दिया. उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया. सिन्हा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे लगातार प्रयासरत रहने से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है.

कभी हार मत मानो : डी.एस.पी. विवेक राठौर

अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए, डी.एस.पी. विवेक राठौर ने छात्रों को बताया कि लक्ष्य चाहे जितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे हासिल करने के लिए धैर्य और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है. उन्होंने बताया कि वे पहले जी.ई.सी., बिलासपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स के सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्य कर चुके हैं, जिससे छात्रों को प्रेरणा मिली.

आत्मनिर्भर बनें : डी.एस.पी. गीतिका साहू

डी.एस.पी. गीतिका साहू ने विशेष रूप से छात्राओं को संबोधित किया और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी. उन्होंने छात्राओं को बताया कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराए बिना, धैर्य और हिम्मत से अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ना चाहिए. आत्मनिर्भरता और कड़ी मेहनत के महत्व पर जोर देते हुए, उन्होंने छात्राओं को भविष्य के लिए तैयार होने की सलाह दी.

इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. जी. पी. खरे, भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एच. एल. विश्वकर्मा, कार्यक्रम समन्वयक अशोक कुमार यादव, सह-समन्वयक दनुज कुमार मरकाम और अन्य संकाय सदस्य एवं स्टाफ उपस्थित थे. कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed